बिहार में पुलिस टीम पर हमला, महिला होमगार्ड सहित 3 लोग घायल; खेत से बरामद हुई छीनी हुई राइफल
सुपौल में पुलिस गश्ती दल पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें एक पीटीसी जवान और दो होमगार्ड सहित तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। ...और पढ़ें

क्षतिग्रस्त पुलिस गाड़ी। (जागरण)
HighLights
राघोपुर में पुलिस गश्ती दल पर जानलेवा हमला।
एक पीटीसी जवान, दो होमगार्ड गंभीर रूप से घायल।
पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त, 9 संदिग्ध हिरासत में।
संवाद सूत्र, राघोपुर (सुपौल)। थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस गश्ती दल पर उपद्रवियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक पीटीसी जवान और महिला होमगार्ड सहित तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार शनिवार रात मद्य-निषेध विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि राघोपुर पंचायत के वार्ड नंबर-4 स्थित महादलित टोला में कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं।
जब उत्पाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तो वहां मौजूद असामाजिक तत्वों और ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से उत्पाद विभाग की टीम बिना किसी ठोस कार्रवाई के वहां से पीछे हट गई।
वहीं, उत्पाद विभाग पर हमले के ठीक बाद, रात करीब 11:25 बजे राघोपुर थाना की नियमित गश्ती गाड़ी पुलिस बल उसी मार्ग से गुजर रही थी। जहां देर रात कुछ बाइक और युवकों की हलचल देखकर गश्ती दल के प्रभारी पीटीसी अंजय कुमार ने गाड़ी रुकवाई।
30-35 लोगों ने किया हमला
जब उन्होंने इतनी रात को सड़क पर खड़े लड़कों से पूछताछ की और उन्हें घर जाने को कहा, तो वे बहस करने लगे। देखते ही देखते उन युवकों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को इकट्ठा कर लिया।
खबरें और भी

हिरासत में लिए गए 9 लोग। (जागरण)
मौके पर करीब 30 से 35 महिला-पुरुष लाठी, बांस, फरसा और दबिया जैसे घातक हथियारों से लैस होकर सड़क पर उतर आए।
पुलिस टीम ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया तब तक उग्र भीड़ ने पुलिस जवान पर सीधा हमला बोल दिया। सरकारी गाड़ी के शीशा लाइट बॉडी को चकनाचूर कर दिया।
पीटीसी अजय कुमार का फटा सिर
इस हिंसक झड़प में 38 वर्षीय पीटीसी अंजय कुमार के सिर पर प्रहार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया और वे खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।
उपद्रवियों ने उनके साथ मौजूद महिला गृह रक्षक होमगार्ड जवान काजल कुमारी और पुरुष गृह रक्षक नितेश कुमार को भी लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। घायल पीटीसी अंजय कुमार ने किसी तरह मोबाइल से थाने को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय अन्य पुलिस अधिकारियों और अतिरिक्त बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस को आता देख उपद्रवी भागने लगे।
शुरुआती अफरातफरी के दौरान यह खबर फैली कि महिला होमगार्ड की राइफल छीन ली गई है, लेकिन बाद में पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सिपाही नितेश कुमार डर और भीड़ के कारण अपनी सरकारी राइफल लेकर दूसरी दिशा में भाग गए थे।
झाड़ियों में मिली सरकारी राइफल
जब पुलिस टीम ने तलाशी अभियान चलाया, तो घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर दक्षिण दिशा में नहर के किनारे झाड़ियों से सरकारी राइफल सुरक्षित बरामद कर ली गई।
देर रात ही वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार और एसपी शरथ आर.एस. भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया।
घायल पुलिसकर्मियों को इलाज रेफरल अस्पताल सिमराही भेजा गया जहां वे इलाजरत हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। इस मामले में घायल पीटीसी अंजय कुमार के बयान पर राघोपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार महेश्वर सादा, बैद्यनाथ सादा, सकलदीप कुमार, शंकर कुमार, भूपेन सादा, नीरज कुमार, हरेराम कुमार, अशोक सादा और शिवशंकर कुमार समेत कुल 19 आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि 10-15 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक करीब 9 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने सख्त लहजे में कहा है कि पुलिस टीम पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालना एक अक्षम्य अपराध है।
कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- आरा-बक्सर हाइवे पर दिनदहाड़े हुई लूटकांड का 12 घंटे में खुलासा, 3 बदमाश गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- सारण में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, जलालपुर सीओ और ड्राइवर घायल
अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, सघन छापामारी की जा रही है, दोषी किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
शरथ आरएस, पुलिस अधीक्षक सुपौल