सुपौल: प्रेमी से मिलाने का झांसा देकर मामा और जीजा कोसी में फेंका, परिजनों ने जबरन कराई थी शादी
सुपौल में कोसी नदी में एक युवती को उसके मामा और बहनोई ने कथित तौर पर प्रेमी से मिलाने के बहाने धक्का दे दिया, जिसे कनीय अभियंता और एक मजदूर ने बचाया। ...और पढ़ें

मजदूर ने युवती को बचाया
HighLights
युवती कोसी नदी में फेंकी गई, इंजीनियर ने बचाया।
प्रेम प्रसंग के कारण परिजनों ने दिया धोखा।
जबरन शादी के बाद प्रेमी से मिलना चाहती थी।
जागरण संवाददाता, सुपौल। कहते हैं, जाको राखे साइयां, मार सके ना कोय। यह कहावत मंगलवार की देर रात 10 बजे सुपौल सदर प्रखंड के बसबिट्टी पंचायत स्थित कोसी तटबंध के 64/95 स्पर पर उस समय सच साबित हुई, जब उफनती कोसी नदी में बह रही एक युवती को समय रहते बचा लिया गया।
कनीय अभियंता और एक मजदूर की सूझबूझ व साहस ने युवती की जान बचा दी, जिसके बाद एक ऐसी कहानी सामने आई जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया।
उफनती कोसी में लगा दी छलांग
रात्रि ड्यूटी पर तैनात कनीय अभियंता चितरंजन कुमार और मजदूर सुभाष कुमार ने बताया कि खाना खाने के बाद जैसे ही वे बाहर हाथ धोने निकले, तभी कोसी नदी की ओर से किसी युवती की बचाओ-बचाओ की आवाज सुनाई दी। बिना देर किए दोनों टॉर्च लेकर नदी की ओर दौड़े।
मजदूर सुभाष कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना उफनती कोसी में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाई गई युवती ने अपना नाम आशा कुमारी बताया, जो सदर प्रखंड के लखनिपट्टी की रहने वाली है।
परिजनों को रिश्ता मंजूर नहीं
युवती ने बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती थी, लेकिन परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। करीब एक महीने पहले उसकी जबरन शादी दूसरे युवक से करा दी गई। वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती थी और अपने प्रेमी के पास जाना चाहती थी।
खबरें और भी
आशा का आरोप है कि मंगलवार की रात उसके मामा और बहनोई उसे प्रेमी से मिलवाने का झांसा देकर घर से निकले। रास्ते में पिपरा खुर्द के पास कोसी नदी पहुंचने पर दोनों ने उसे नदी में धक्का दे दिया। किसी तरह वह बहते हुए तटबंध के स्पर तक पहुंची और मदद के लिए आवाज लगाने लगी।
युवती को कोसी नदी से सुरक्षित निकाला गया
घटना की सूचना कनीय अभियंता चितरंजन कुमार ने तुरंत डायल-112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवती को अपने संरक्षण में लिया। डायल-112 में तैनात एएसआई दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवती को कोसी नदी से सुरक्षित निकाला गया है। युवती के आरोपों के आधार पर वरीय अधिकारियों को बता दिया जाएगा तथा वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पूरे मामले की जांच की जाएगी