Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुपौल में पहले मिड डे मील खाने से बच्चे हुए थे बीमार, अब चावल में मिले कीड़े; हेडमास्टर सस्पेंड

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 11:38 PM (IST)

    सुपौल के मध्य विद्यालय मिरजवा में मध्याह्न भोजन खाने के बाद बच्चों के बीमार होने के मामले में जांच टीम को चावल में कीड़े मिले और अभिलेखों में गड़बड़ी ...और पढ़ें

    चावल में मिले कीड़े। (जागरण)

    चावल में मिले कीड़े। (जागरण)

    HighLights

    1. मध्याह्न भोजन के चावल में कीड़े पाए गए।

    2. स्कूल के प्रभारी एचएम अशोक पासवान निलंबित किए गए।

    3. भोजन चखने और अभिलेख संधारण में लापरवाही मिली।

    संवाद सूत्र, त्रिवेणीगंज (सुपौल)। प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय मिरजवा में बुधवार को मध्याह्न भोजन करने के बाद बच्चों के बीमार होने के बाद गुरुवार को विद्यालय पहुंची अधिकारियों की टीम ने पहले ग्रामीणों की शिकायतें सुनी और उसके बाद स्कूल की सभी पंजियों की जांच की।

    जांच के क्रम में भंडार में रखे एमडीएम के चावल में कीड़े मिले। पूर्व मुखिया सुशील कुमार, उमेश कुमार, उपेंद्र यादव, अनिल मेहता, चंदन साह, प्रदीप यादव, डॉ. टुनटुन यादव आदि ने बताया कि ग्रामीणों के द्वारा अधिकारियों के सामने ड्रम से चावल को निकाला गया जिसमें कीड़े मिले।

    इस संबंध में डीपीओ (एमडीएम) महेश पासवान और एमडीएम डीपीएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

    उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल की जांच के दौरान कई गड़बड़ी सामने आई हैं।

    अभिलेखों की जांच में आवश्यक पंजी संधारित नहीं पाए गए। मध्याह्न भोजन परोसने से पहले रसोइया या स्कूल शिक्षा समिति के सदस्य अथवा शिक्षकों द्वारा भोजन चखने की अनिवार्य प्रक्रिया का भी सही तरीके से पालन नहीं किया गया।

    इसके अलावा, भंडार की जांच के दौरान रखे गए चावल में कीड़े पाए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी बिंदुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    स्कूल के प्रभारी एचएम सस्पेंड

    प्रभारी बीईओ मनीष कुमार ने बताया कि स्कूल के प्रभारी एचएम अशोक पासवान को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय राघोपुर कर दिया गया है। साथ ही रसोईया को चयनमुक्त कर दिया गया है और बेहतर शिक्षा और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया गया है।

    खबरें और भी

    उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मांग स्कूल के सभी शिक्षकों के तबादले से संबंधित है इस संबंध में जांच कर प्रतिवेदन डीईओ को भेजा जाएगा, वस्तुस्थिति से उन्हें अवगत कराया जाएगा, सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।

    जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनिता कुमारी ने कहा कि रसोईया को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई है।

    चखना पंजी को संधारित करने का निर्देश दिया गया है। कहा कि ग्रामीणों की मांग से उच्चाधिकारी को अवगत कराने के बाद मिले निर्देश का पालन किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- सुपौल में मिड-डे मील खाते ही बिगड़ी 80 से ज्यादा बच्चों की तबीयत, सब्जी में बिच्छू मिलने का आरोप