बुजुर्गों को राहत: हाजीपुर से शुरू हुई राशन की होम डिलीवरी, DM ने खुद घर जाकर दिया अनाज
हाजीपुर में 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर-घर राशन पहुंचाने की नई व्यवस्था शुरू की गई है। जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने इस योजना का शुभार ...और पढ़ें

अब 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर पहुंचाया जाएगा राशन
HighLights
80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को घर राशन।
हाजीपुर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में योजना शुरू।
डीएम वर्षा सिंह ने खाद्यान्न वाहन को हरी झंडी दिखाई।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार के निर्देश पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक लाभुकों को घर तक खाद्यान्न पहुंचाने की नई व्यवस्था की शुरुआत शुक्रवार को जिले के हाजीपुर सदर प्रखंड की इस्माइलपुर पंचायत के हरौली गांव से की गई।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने इस्माइलपुर पंचायत के जन वितरण प्रणाली विक्रेता लालाबाबू भक्त की उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न वितरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर योजना का शुभारंभ किया।
इसके बाद डीएम ने स्वयं 80 वर्ष से अधिक आयु के लाभुकों के घर पहुंचीं और बेदामी देवी, हाथी साहनी, सनुक साहनी, पार्वती देवी, चंदेश्वर साह सहित अन्य पात्र लाभुकों को उनके हिस्से का खाद्यान्न उपलब्ध कराया।
इस दौरान लाभुकों और उनके स्वजनों ने घर पर ही राशन मिलने पर खुशी जताते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि अब वृद्धजनों को राशन लेने के लिए उचित मूल्य की दुकान तक नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उन्हें काफी सुविधा होगी।
डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आच्छादित 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पात्र लाभुकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनके घर तक खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। प्रारंभिक चरण में यह व्यवस्था हाजीपुर प्रखंड में खाद्यान्न आपके घर पर कार्यक्रम के तहत पायलट परियोजना के रूप में शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत हाजीपुर प्रखंड के 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी पात्र राशन कार्डधारियों को प्रत्येक शनिवार उनके संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता द्वारा घर पर ही खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।
विभागीय पोर्टल पर चिह्नित एवं सत्यापित लाभुकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राशन दिया जाएगा। वितरण के समय लाभुक अथवा परिवार के वयस्क सदस्य से प्राप्ति हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान लिया जाएगा तथा ई-पॉश प्रणाली के माध्यम से इसकी ऑनलाइन प्रविष्टि भी सुनिश्चित की जाएगी।
खबरें और भी
इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, इस्माइलपुर पंचायत के संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, कर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।