युवक से मारपीट का आरोप पड़ा भारी! वैशाली के चक सिकंदर ओपी अध्यक्ष संदीप कुमार निलंबित, जांच में सामने आई ये बड़ी बात
वैशाली के चक सिकंदर ओपी अध्यक्ष संदीप कुमार को एक युवक से मारपीट के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। एसपी शुभांक मिश्रा ने जांच रिपोर्ट में आरोप सही प ...और पढ़ें

चक सिकंदर थाना, वैशाली
HighLights
चक सिकंदर ओपी अध्यक्ष संदीप कुमार को निलंबित किया गया।
एक युवक से मारपीट के आरोप में हुई यह कार्रवाई।
एसपी शुभांक मिश्रा ने जांच रिपोर्ट के आधार पर एक्शन लिया।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर(वैशाली)। चक सिकंदर ओपी अध्यक्ष द्वारा एक युवक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने कड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने ओपी अध्यक्ष संदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवनयापन भत्ता पर निलंबित कर दिया है।
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि एक युवक द्वारा मारपीट की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच सदर-1 एसडीपीओ से कराई गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई है।
युवक ने पुलिस पर लगाए थे गंभीर आरोप
बीते दिनों कुसयारी निवासी धीरज कुमार ने ओपी अध्यक्ष संदीप कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे। धीरज ने कहा था कि पुलिस ने उसे नशे में होने की बात कहकर गाड़ी में बैठाया और ले जाकर उसके साथ मारपीट की।
इसके बाद उसे छोड़ दिया गया। मारपीट में घायल धीरज का पहले स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया गया। बाद में उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया।
खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए अधिकारी
युवक के साथ मारपीट की खबर दैनिक जागरण में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद मामला पुलिस के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा।
खबर प्रकाशित होने के बाद एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जिम्मेदारी सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल को सौंपी।
इसके बाद मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई और संबंधित पुलिस अधिकारियों से पूछताछ की गई।
एसडीपीओ ने घर पहुंचकर युवक से की पूछताछ
एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बिदुपुर थाना अध्यक्ष के साथ धीरज कुमार के घर जाकर उससे पूछताछ की।
धीरज ने एसडीपीओ के समक्ष घटना का पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उसके आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान ओपी अध्यक्ष संदीप कुमार से भी पूछताछ की गई।
जांच रिपोर्ट में मारपीट की हुई पुष्टि
एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट में युवक के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि हुई। जांच में यह भी पाया गया कि संदीप कुमार ने धीरज का ब्रेथ एनलाइजर से परीक्षण नहीं कराया था।
इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही और संदिग्ध आचरण माना गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर ओपी अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की गई।
पुलिस की छवि धूमिल होने पर एसपी ने लिया एक्शन
एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि संदीप कुमार के इस कृत्य से पुलिस की छवि धूमिल हुई है। एसडीपीओ गोपाल मंडल की जांच रिपोर्ट के आधार पर चक सिकंदर ओपी अध्यक्ष संदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
खबरें और भी
पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई के माध्यम से यह स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों के आचरण और कर्तव्य में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
निलंबन अवधि में हाजीपुर रहेगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान संदीप कुमार का मुख्यालय पुलिस केंद्र हाजीपुर निर्धारित किया गया है। एसपी के आदेश के बाद उन्हें ओपी अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया है।
मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है।