वैशाली में नशे की खरीद-फरोख्त को लेकर खूनी संघर्ष: दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट-गोलीबारी, 3 लोग घायल
हाजीपुर के मदारपुर पेठिया में नशे के कारोबार को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। ...और पढ़ें
HighLights
नशे के कारोबार को लेकर दो पक्षों में विवाद।
विवाद के बाद जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई।
गोली लगने से दो, मारपीट में एक व्यक्ति घायल।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। सदर थाना क्षेत्र के मदारपुर पेठिया गांव के पास शनिवार देर रात नशे की सामग्री की खरीद-बिक्री और लूट को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया।
इस दौरान जमकर मारपीट और 4-5 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें गोली लगने से दो लोग और मारपीट में एक व्यक्ति समेत कुल 3 लोग घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। पुलिस अभिरक्षा में घायलों का इलाज चल रहा है।
देर रात बाइक से पहुंचे चार लोग
स्थानीय सूत्रों के अनुसार पहला पक्ष मदारपुर निवासी आमोद मिश्रा के पुत्र अजय मिश्रा उर्फ बाबा का था। दूसरा पक्ष अमन कुमार पिता दीपक कुमार, निवासी बलवा कुंवारी और रोहित कुमार उर्फ महाकाल, निवासी अजीत नगर, चंद्रालय का था।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात अजय मिश्रा के घर पूजा पाठ का आयोजन हुआ था। पूजा के बाद सभी लोग सो रहे थे। देर रात करीब 12:30 बजे दो बाइक पर सवार होकर दीपक कुमार, रोहित कुमार समेत 4 लोग वहां पहुंचे।
दरवाजे पर सो रहे व्यक्ति को उठाकर उन्होंने अजय मिश्रा को बाहर बुलाया। बाहर आने पर नशे की सामग्री की डिलीवरी और पैसे के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई और फिर दोनों तरफ से फायरिंग होने लगी। इस गोलीबारी में अजय मिश्रा उर्फ बाबा और अमन कुमार के पैर में गोली लग गई। वहीं मारपीट में रोहित कुमार उर्फ महाकाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। ग्रामीणों ने दीपक कुमार और रोहित कुमार को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य बाइक सवार मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
खबरें और भी
दोनों पक्षों ने कराई एफआईआर
सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के बाद सीधे सदर अस्पताल जाकर पुलिस अभिरक्षा में भर्ती घायलों से पूछताछ की।
थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज कर लिया गया है। एक तरफ 5 लोगों को नामजद किया गया है।
घटना स्थल से पुलिस ने एक बाइक और कुछ खोखे भी बरामद किए हैं।एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। टीम ने सदर अस्पताल में भर्ती सभी घायलों से साक्ष्य इकट्ठा किया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अजय मिश्रा उर्फ बाबा लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी है।
घटना के बाद से मदारपुर पेठिया और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है।
एसपी शुभांक मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष कोटा और स्मैक का व्यापार करते थे। किसी डिलीवरी को लेकर विवाद हुआ और दूसरा पक्ष सामान लूटकर ले जाना चाहता था।
इसी दौरान गुत्थम-गुत्थी के बाद दोनों ओर से 4-5 राउंड फायरिंग हुई। एसपी ने बताया कि घायलों में एक तरफ से अजय कुमार मिश्रा उर्फ बाबा, पिता अमोद मिश्रा और दूसरी तरफ से रोहित कुमार उर्फ महाकाल व अमन कुमार पिता दीपक सिंह शामिल हैं। तीनों की स्थिति अभी खतरे से बाहर बताई जा रही है।