एंबुलेंस में बने तहखाने से निकली 1491 शराब की बोतलें, बिहार पुलिस ने की कार्रवाई
हाजीपुर सदर पुलिस ने गुप्त सूचना पर मलमला चंवर से एक एम्बुलेंस से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। एम्बुलेंस के तहखाने में छिपाकर रखी गई 555 ...और पढ़ें
-1775802560813_m.webp)
सदर थाना पर जब्त एम्बुलेंस। (जागरण)
HighLights
एम्बुलेंस के गुप्त तहखाने से भारी शराब बरामद।
हाजीपुर पुलिस ने 555 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की।
शराब तस्कर मुन्ना कुमार मौके से फरार हुआ।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। स्थानीय सदर थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मलमला चंवर से एक एम्बुलेंस में तहखाने के अंदर छिपाकर रखी बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है।
हालांकि, इस दौरान शराब तस्कर फरार हो गया। बरामद अंग्रेजी शराब विभिन्न ब्रांडों के करीब 555.165 लीटर बताई गई है।
इस मामले में मुजफ्फरपुर जिला गोविंदपुर जैतपुर स्टेट निवासी विजय राय के पुत्र मुन्ना कुमार, एंबुलेंस मालिक और चालक के विरुद्ध प्राथमिकी की गई है।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मुन्ना कुमार वर्तमान में ग्राम बलवा कुआरी में दिलीप सिंह, पिता स्वर्गीय राम पलटन सिंह के घर पर किराएदार के रूप में रहता है।
वह एक एंबुलेंस गाड़ी रखे हुए हैं। वह एंबुलेंस की आड़ में बड़े पैमाने पर शराब का धंधा कर रहा है। दूसरे राज्यों से शराब की खेप लाकर इस इलाके में चोरी छिपे घूम-घूम कर बेचता है।
मुन्ना कुमार अपनी एंबुलेंस गाड़ी को लेकर महुआ मोड़ की तरफ शराब की खेप लेकर निकला है। उसकी घेराबंदी करने पर गाड़ी को शराब के साथ पकड़ा जा सकता है।
इस सूचना के बाद पुलिस टीम खोजबीन के दौरान ग्राम दिग्घी कलां पूर्वी स्थित मलमला चंवर के रास्ते से गुजर रही थी। इस दौरान एक एंबुलेंस गाड़ी आ रही थी। लेकिन पुलिस बल को देखते ही एंबुलेंस चालक गाड़ी को सड़क किनारे छोड़ कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए भागने में सफल हो गया।
इसके बाद एंबुलेंस की तलाशी लेने पर टाटा विंगर गाड़ी के पीछे बने तहखाना में छिपाकर रखे गए कार्टून से 750 एमएल का 108 बोतल, 375 एमएल का 147 बोतल और 180 एमएल का 228 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
तहखाना में छिपाकर रखा था शराब
इसके साथ ही विंगर गाड़ी के ऊपरी हिस्से छत के तहखाना में छिपाकर रखे गए 375 एमएल के 1008 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि एंबुलेंस गाड़ी से 555.165 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। एंबुलेंस गाड़ी पर जीवंत विहार, सपना होगा सरकार लिखा हुआ मिला।
गाड़ी चालक सीट के बगल में मुन्ना कुमार, पिता विजय राय, ग्राम गोविंदपुर, जैतपुर स्टेट, मुजफ्फरपुर का आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मोतिहारी में फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज, जनसुराज नेता के घर पर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार