Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर खड़े ट्रक में घुसा तेज रफ्तार ट्रक, चालक की मौत; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 07:32 PM (IST)

    हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर भगवानपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक पप्पू महतो की मौत हो गई। ...और पढ़ें

    मृतक के रोते बिलखते स्वजन

    मृतक के रोते बिलखते स्वजन

    HighLights

    1. हाजीपुर एनएच-22 पर खड़े ट्रक से टकराया तेज रफ्तार ट्रक।

    2. हादसे में 40 वर्षीय ट्रक चालक पप्पू महतो की मौके पर मौत।

    3. मृतक के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, रोजी-रोटी का संकट।

    जागरण संवाददाता, हाजीपुर(वैशाली)। हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर भगवानपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोरौल थाना क्षेत्र के चेहराकला निवासी 40 वर्षीय पप्पू महतो के रूप में हुई है।

    हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद एनएच-22 पर रात में सड़क किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

    खड़े ट्रक में पीछे से मारी जोरदार टक्कर

    जानकारी के अनुसार पप्पू महतो सिलीगुड़ी से बनारस का लोड लेकर ट्रक से पटना जा रहे थे। भगवानपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास एनएच किनारे एक ट्रक पहले से खड़ा था।

    इसी दौरान पीछे से आ रहे पप्पू महतो के अनियंत्रित ट्रक ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पप्पू महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।

    अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

    राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना भगवानपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार सत्यार्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

    घायल चालक को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक का ट्रक मौके से जब्त कर लिया गया है।

    हादसे के बाद खड़ा ट्रक लेकर चालक फरार

    पुलिस के अनुसार हादसे के बाद आगे खड़ा ट्रक लेकर उसका चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

    हादसे की परिस्थितियों और फरार ट्रक चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

    छह भाई-बहनों में सबसे बड़े थे पप्पू

    पुलिस ने घटना की जानकारी पटना के माध्यम से मृतक के स्वजन को दी। सूचना मिलते ही परिवार वाले मौके पर पहुंच गए।

    कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव लेकर अपने गांव चले गए। परिवार वालों ने बताया कि पप्पू महतो छह भाई-बहनों में सबसे बड़े थे।

    दो बेटे और दो बेटियों का था सहारा

    पप्पू महतो के दो बेटे और दो बेटियां हैं। ट्रक चलाकर ही वह पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

    हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम पसर गया और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

    रात में सड़क किनारे खड़े वाहनों पर उठे सवाल

    इस हादसे के बाद एनएच-22 पर रात में सड़क किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

    भगवानपुर थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार सत्यार्थी ने बताया कि बीती रात पेट्रोल पंप फोरलेन के पास एनएच किनारे खड़े ट्रक में पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी।

    चालक गंभीर रूप से घायल हुआ था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। स्वजन को सूचना दे दी गई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

    खबरें और भी