हाजीपुर में विवाहिता की मौत, पिता का आरोप- पीट-पीटकर हत्या के बाद शव नदी में फेंका
वैशाली के बिदुपुर में 35 वर्षीय विवाहिता सुंदरी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता ने ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने और साक्ष्य मिट ...और पढ़ें

हत्या के बाद शव नदी में फेंका
HighLights
वैशाली में विवाहिता सुंदरी देवी की संदिग्ध मौत हुई।
पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, आरोपी फरार हैं।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के नयाटोला मधुरापुर गांव में मंगलवार देर रात 35 वर्षीय विवाहिता सुंदरी देवी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान सुंदरी देवी, पति अनिल राय के रूप में हुई है। सुंदरी देवी मूल रूप से सरायपुर, गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं। मृतका के पिता अशरफी राय ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि उनकी बेटी की पहले पिटाई की गई और फिर हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को सिक्स लेन पुल से नदी में फेंक दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि दामाद अनिल राय नशे का आदी था और अक्सर सुंदरी के साथ मारपीट करता था।
आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के बड़ी संख्या में लोग गांव पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सुंदरी देवी अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी, दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी रवि प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस बल गांव में कैंप कर रही है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
खबरें और भी
मामले की जांच कर रही पुलिस
फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।