Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हाजीपुर के ऐतिहासिक कौनहारा घाट की बदलेगी तस्वीर, मास्टर प्लान तैयार

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 03:44 PM (GMT+05:30)

    हाजीपुर के ऐतिहासिक कौनहारा घाट के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। वास्तु विशेषज्ञों की टीम ने सर्वेक्षण कर मास्टर ...और पढ़ें

    हाजीपुर के ऐतिहासिक कौनहारा घाट की बदलेगी तस्वीर, मास्टर प्लान तैयार

    हाजीपुर के ऐतिहासिक कौनहारा घाट की बदलेगी तस्वीर, मास्टर प्लान तैयार

    जागरण संवाददाता, हाजीपुर। ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक शहर के कौनहारा घाट के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है।

    इसी क्रम में वास्तु विशेषज्ञ की टीम ने कौनहारा घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों का विस्तृत तकनीकी सर्वेक्षण किया। सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर घाटों के पुनर्विकास का विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा, जिसे जिला पदाधिकारी की स्वीकृति के बाद कार्यान्वयन के लिए भेजा जाएगा।

    जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने निर्देश दिया है कि कौनहारा घाट पर अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को सम्मानजनक, स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

    उनके निर्देश पर घाट परिसर में प्रतिदिन व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, कचरा निष्पादन, नियमित स्वच्छता निरीक्षण एवं आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव का कार्य कराया जा रहा है।

    नगर परिषद हाजीपुर के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार एवं नमामि गंगे के जिला परियोजना पदाधिकारी मुनेश कुमार प्रतिदिन घाट की व्यवस्थाओं की संयुक्त निगरानी कर रहे हैं।

    यह सुनिश्चित कराया जा रहा है कि घाट पर स्वच्छता बनी रहे, अंतिम संस्कार से संबंधित सामग्री निर्धारित बाजार दर पर उपलब्ध हो, अग्नि प्रदान करने के लिए निर्धारित शुल्क ही लिया जाए तथा किसी प्रकार की अवैध वसूली या अनियमितता न हो।

    सुविधाओं का किया गया तकनीकी आकलन

    वास्तु विशेषज्ञ की टीम ने सर्वेक्षण के दौरान घाट की संरचना, नदी तट की स्थिति, आवागमन एवं यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं एवं शोकाकुल परिवारों के लिए प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी प्रणाली, हरित क्षेत्र, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, साइनेज तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का तकनीकी आकलन किया।

    प्रस्तावित योजना के क्रियान्वयन के बाद कौनहारा घाट अधिक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप में विकसित होगा। साथ ही अंतिम संस्कार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के लिए आने वाले लोगों को आधुनिक एवं सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

    जिलाधिकारी ने बताया कि कौनहारा घाट वैशाली की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसकी गरिमा के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

    प्रशासन का प्रयास है कि यह घाट स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं जनसुविधाओं से युक्त आदर्श घाट के रूप में विकसित हो, जिससे स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं तथा दूर-दराज से आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

    खबरें और भी