विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैशाली में पुरानी रंजिश में फायरिंग, मौके पर बाइक और कारतूस से भरी मैगजीन छोड़ भागे बदमाश

Updated: Sun, 23 Aug 2026 11:09 PM (GMT+05:30)

महुआ के बैद्यनाथपुर गांव में देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक घर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दहशत फैलाई।

बाइक और मैगजीन छोड़ भागे। (जागरण)

बाइक और मैगजीन छोड़ भागे। (जागरण)

HighLights

  1. महुआ के बैद्यनाथपुर गांव में घर पर गोलीबारी की घटना।

  2. बदमाश बाइक और कारतूस छोड़कर मौके से हुए फरार।

  3. पुलिस ने दो बाइक और जिंदा कारतूस बरामद किए।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। महुआ थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर गांव में शनिवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक घर पर चढ़कर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दहशत फैला दी।

गोलीबारी की आवाज सुनकर घर वाले और आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिसके बाद बदमाश हथियार और बाइक छोड़कर फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार दो बाइक पर सवार चार की संख्या में आए बदमाशों ने बैद्यनाथपुर निवासी दशरथ पासवान के पुत्र राहुल कुमार के दरवाजे पर चढ़कर कई राउंड फायरिंग की।

अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा। ग्रामीणों की भीड़ जुटता देख बदमाश मौके पर अपनी बाइक और कारतूस से भरी मैगजीन छोड़कर भाग निकले।

घटना की सूचना घर वालों और स्थानीय लोगों ने महुआ थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही महुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की।

पुलिस ने मौके से एक स्प्लेंडर और एक बुलेट बाइक, दो खोखा और एक मैगजीन जिसमें चार जिंदा कारतूस लोड थे, बरामद किया है। पुलिस सभी सामान जब्त कर थाने ले गई है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक गोलीबारी करने वाले सभी बदमाश अवैध मादक पदार्थ के कारोबारी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार राहुल और स्थानीय ग्रामीण के बीच रविवार की दोपहर किसी बात को लेकर बेलकुंडा में मारपीट हुई थी।

जांच में जुटी पुलिस

मारपीट के बाद रात्रि में बदमाशों के द्वारा राहुल के दरवाजे पर चढ़कर गोलीबारी की गई। आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से शराब का मामला थाने में दर्ज है। सभी आरोपी शराब कारोबारी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

इस संबंध में महुआ थाना अध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि बदमाशों के द्वारा एक दरवाजे पर चढ़कर गोलीबारी की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर बाइक और अन्य सामान जब्त कर लिया गया है।

आरोपी पर पूर्व से शराब का केस दर्ज है। उन्होंने कहा कि आरोपी और राहुल के बीच रविवार के दिन में बेलकुंडा में मारपीट हुई थी। मारपीट के पश्चात रात्रि में बदमाशों के द्वारा राहुल के घर पर चढ़कर गोलीबारी की गई।

यह भी पढ़ें- जमुई के 25 टन चावल लूटकांड का खुलासा, मुजफ्फरपुर से 3 किराना कारोबारी गिरफ्तार