वैशाली के 133 गांवों की संवरेगी सूरत, 18 जुलाई तक पूरा होगा पीएम-अजय योजना का सर्वे; DM वर्षा ने दिए निर्देश
वैशाली जिले के 133 चयनित गांवों के समग्र विकास के लिए पीएम-अजय योजना के तहत एक कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर ...और पढ़ें

वैशाली के 133 गांवों की संवरेगी सूरत, 18 जुलाई तक पूरा होगा पीएम-अजय योजना का सर्वे
HighLights
पीएम-अजय योजना के तहत 133 गांवों का विकास।
वैशाली में विभागीय अभिसरण कार्यशाला आयोजित की गई।
18 जुलाई तक सर्वेक्षण कार्य पूरा करने का निर्देश।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के तहत वैशाली जिले के चयनित 133 गांवों के समग्र एवं समावेशी विकास को लेकर बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित पुष्करणी सभागार में विभागीय अभिसरण कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में चयनित गांवों के सर्वेक्षण, विभागीय समन्वय, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना तथा प्रत्येक पात्र परिवार तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने निर्देश दिया कि चयनित 133 गांवों में सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी अभिसरण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी चयनित गांवों में सर्वेक्षण के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रखंड स्तरीय नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि गठित सर्वे दल 18 जुलाई तक गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित सर्वेक्षण कार्य पूरा करें।
जिला कल्याण पदाधिकारी को सर्वेक्षण कार्य में लगाए गए कर्मियों का प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने तथा सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सर्वेक्षण सफलतापूर्वक पूरा कराने का निर्देश दिया।
आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभागों का होगा अभिसरण
कार्यशाला में बताया गया कि पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, सामाजिक सुरक्षा, आवास, ग्रामीण सड़क, विद्युत, स्वच्छ ईंधन, कृषि, वित्तीय समावेशन, डिजिटलीकरण, कौशल विकास और आजीविका से जुड़ी योजनाओं का विभागीय अभिसरण के माध्यम से चयनित गांवों में प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा।
सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने, पात्र लाभार्थियों का सत्यापन करने तथा योजनाओं की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
कार्यशाला में सहायक समाहर्ता (प्रशिक्षु) अंकुर त्रिपाठी, उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर सदर रामबाबू बैठा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।