राघोपुर में 24 घंटे में 2 मौत: बाढ़ के बीच सांप और जहरीले जंतु के काटने से बच्ची और महिला की गई जान
राघोपुर में बाढ़ के बीच सांप और जहरीले जंतु के काटने से 24 घंटे के भीतर एक बच्ची और एक महिला की मौत हो गई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
राघोपुर में 8 वर्षीय बच्ची की सांप काटने से हुई मौत।
बाढ़ के पानी में नहाते समय जहरीले जंतु ने महिला को काटा।
24 घंटे के भीतर सांप और जंतु के काटने से दो मौतें।
संवाद सूत्र, राघोपुर। राघोपुर थाना क्षेत्र के चांदपुरा पंचायत के हैबतपुर-करारी वार्ड नंबर-1 में शुक्रवार शाम और शनिवार सुबह दो अलग-अलग घटनाओं में सांप और जहरीले जंतु के काटने से 8 वर्षीय बच्ची और एक महिला की मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पहली घटना शुक्रवार शाम की है। हैबतपुर गांव निवासी हरि राय की 8 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी अपने घर में सफाई के लिए रखा एक बोरा हटा रही थी।
इसी दौरान फटे हुए बोरे से सांप निकला और उसने बच्ची को डसा लिया। स्वजन के अनुसार प्रियंका ने सांप डसने की बात बताई तो घर वाले और ग्रामीण जुट गए और सांप को जिंदा पकड़ लिया।
स्वजन आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मोहनपुर ले गए। वहां से कुछ देर बाद स्वजन उसे वापस गांव ले आए और स्थानीय ओझा से झाड़-फूंक कराने लगे।
बाढ़ में नहाने गई थी महिला
कुछ घंटे बाद प्रियंका की मौत हो गई। दूसरी घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे की है। हैबतपुर की ही दनवा देवी (55 वर्ष), पति स्व. राम प्रसाद साह बाढ़ के पानी में नहाने गई थीं।
नहाने के दौरान पानी में किसी जहरीले जंतु ने उन्हें काट लिया। घर आकर कपड़ा बदलने के दौरान वह अचेत हो गईं। स्वजन खाट पर लादकर और पानी में पैदल चलकर उन्हें पीएचसी फतेहपुर लाए, जहां मौजूद डॉ. निर्मल कुमार ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय समाजसेवी गौतम कुमार उर्फ गौतम बजाज ने बताया कि रेफरल अस्पताल मोहनपुर से बच्ची को वापस भेज दिया गया था, जिसके एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- राघोपुर में बाढ़ से हाहाकार: पानी में डूबे 76 गांव, बिजली और नेटवर्क ठप; ट्रैक्टर से आवाजाही को लोग मजबूर
