Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राघोपुर में पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: 7 अवैध शराब भट्ठियां नेस्तनाबूद, 13 हजार लीटर कच्चा जावा नष्ट

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 04:52 PM (GMT+05:30)

    रुस्तमपुर पुलिस ने जफराबाद टोंक दियारा में सात देसी शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर 13 हजार लीटर कच्चा जावा नष्ट किया। यह कार्रवाई शराब के अवैध निर्माण के ...और पढ़ें

    7 अवैध शराब भट्ठियां नेस्तनाबूद, 13 हजार लीटर कच्चा जावा नष्ट

    7 अवैध शराब भट्ठियां नेस्तनाबूद, 13 हजार लीटर कच्चा जावा नष्ट

    HighLights

    1. जफराबाद टोंक दियारा में सात शराब भट्ठियां ध्वस्त की गईं।

    2. मौके पर 13 हजार लीटर कच्चा जावा नष्ट किया गया।

    3. राघोपुर दियारा में शराब माफिया पुलिस के लिए चुनौती।

    संवाद सूत्र, राघोपुर। रुस्तमपुर थाना की पुलिस ने शराब की खरीद-बिक्री, भंडारण व परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को जफराबाद टोंक दियारा स्थित नदी किनारे जंगलों में संचालित देसी शराब की सात शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 13 हजार लीटर कच्चा जावा को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

    रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि जफराबाद टोंक दियारा में नदी किनारे जंगल-झाड़ की ओट में शराब बनाई जा रही है।

    सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापामारी की। इस दौरान नदी किनारे झाड़ियों के बीच सात स्थानों पर देसी शराब की भट्ठियां संचालित होती मिलीं। पुलिस को आता देख शराब तस्कर जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गए। इस कारण मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

    थानाध्यक्ष ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 13 हजार लीटर कच्चा जावा जमीन पर गिराकर नष्ट किया गया। इसके अलावा शराब बनाने में प्रयुक्त प्लास्टिक ड्रम, टिन ड्रम और अन्य उपकरणों को भी नष्ट कर दिया गया।

    उन्होंने कहा कि रुस्तमपुर थाना क्षेत्र में शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है।

    उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी जफराबाद टोंक दियारा और सुकुमारपुर दियारा में अभियान चलाकर एक दर्जन से अधिक देसी शराब भट्ठियां ध्वस्त की गई थीं। उस समय भी हजारों लीटर कच्चा जावा नष्ट किया गया था।

    राघोपुर में नहीं रुक रहा शराब भट्ठी का संचालन

    वैशाली पुलिस शराब माफिया के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है, लेकिन राघोपुर प्रखंड के दियारा इलाके में इस पर नकेल कसना पुलिस के लिए लंबे समय से चुनौती बनी हुई है।

    सूत्रों के अनुसार राघोपुर अंचल में जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के गंगा किनारे, राघोपुर थाना के मोकरमपुर दियारा, मीरमपुर दियारा, रुस्तमपुर थाना के परोहा, कर्मोपुर, जफराबाद, टोंक दियारा, सुकुमारपुर दियारा सहित गंगा किनारे झाड़ियों में सैकड़ों देसी शराब की भट्ठियां संचालित होती हैं।

    खबरें और भी

    पुलिस समय-समय पर यहां छापामारी कर भट्ठियों को ध्वस्त कर देती है, लेकिन कुछ दिन बाद ही यह धंधा फिर से शुरू हो जाता है।