Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    वैशाली में दिन में धान रोपकर सड़क का विरोध, देर रात बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग; पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 01:50 PM (IST)

    बेलसर के साईन बाजार में जर्जर सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने धान रोपकर प्रदर्शन किया, जिसके कुछ घंटों बाद देर रात बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिं ...और पढ़ें

    HighLights

    1. बेलसर में जर्जर सड़क पर धान रोपकर विरोध प्रदर्शन।

    2. देर रात बाइक सवार बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग।

    3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, जांच जारी।

    संवाद सूत्र, बेलसर (वैशाली)। बेलसर थाना क्षेत्र के साईन बाजार में रविवार को पहले जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन हुआ और देर रात बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

    साईन बाजार होकर रसूलपुर जाने वाली करीब 10 साल से जर्जर और जलजमाव वाली सड़क से परेशान होकर रविवार दोपहर स्थानीय दो युवकों ने सड़क पर धान रोपकर अपना विरोध जताया। 

    मरम्मत के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिली

    विरोध की सूचना पर साईन पंचायत के पूर्व समिति सदस्य मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इस दौरान कुछ युवक आक्रोशित हो गए और मौके पर कुछ देर तक बहस भी हुई।

    प्रदर्शन के कुछ घंटे बाद रविवार देर रात एक बाइक पर सवार तीन बदमाश साईन बाजार पहुंचे और दहशत फैलाने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ मच गई। दुकानदार और राहगीर अपनी-अपनी दुकानें बंद कर इधर-उधर भागने लगे।

    डायल 112 पुलिस ने किया पीछा

    फायरिंग के बाद बदमाश सरैया की तरफ भाग निकले। उस समय संयोग से बेलसर थाने की डायल 112 पुलिस वाहन भी साईन बाजार से गुजर रही थी। पुलिस ने तुरंत बदमाशों का पीछा किया, लेकिन विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन के कारण आरोपी भागने में सफल रहे।

    खबरें और भी

    घटना की सूचना मिलते ही बेलसर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फायरिंग करने वालों की पहचान की जा सके।

    बेलसर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना का स्पष्ट कारण सामने आएगा। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है।

    यह भी पढ़ें- वैशाली में देर रात बम धमाके और ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, पुलिस ने बरामद किया जिंदा विस्फोटक और खोखा


    वैशाली में देर रात बम धमाके और ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, पुलिस ने बरामद किया जिंदा विस्फोटक और खोखा