सोनपुर मेला 2026: चप्पे-चप्पे पर होगी रोशनी, स्थानीय लोगों को मिलेंगे पास; डीएम ने की हाई लेवल समीक्षा
सारण जिलाधिकारी ने सोनपुर मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा की, जिसमें सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने की बैठक। (जागरण)
HighLights
जिलाधिकारी ने सोनपुर मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा की।
मेले के सफल आयोजन हेतु समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश।
यातायात, सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने पर चर्चा।
संवाद सहयोगी, सोनपुर। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर सोनपुर अनुमंडल कार्यालय सभागार में शनिवार को समीक्षा बैठक हुई।
जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव ने मेला की तैयारियों से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में यातायात एवं विधि-व्यवस्था, आधारभूत सुविधाएं, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, अतिक्रमण हटाने और मेला क्षेत्र के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
यातायात प्रबंधन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर डायवर्सन रूट को अंतिम रूप देने तथा दोनों ओर आवश्यक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पटना की ओर भी एक अतिरिक्त स्थान की व्यवस्था करने को कहा गया। सोनपुर शहर में बुनियादी नागरिक सुविधाएं दुरुस्त करने के लिए नगर निकाय के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
मेला अवधि में स्थानीय नागरिकों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक पास निर्गत करने की व्यवस्था के संबंध में एसडीओ सोनपुर से जानकारी ली गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने बाइक एवं स्कूटी पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
गलियों व जोन में पर्याप्त रोशनी के निर्देश
जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र की गलियों एवं विभिन्न जोन में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आवश्यकतानुसार विद्युत केंद्र स्थापित करने तथा पंडाल क्षेत्र में विद्युत एवं लाइटिंग कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने को कहा।
सभी कार्यों के वर्क ऑर्डर एवं सत्यापन के लिए जांच टीम गठित कर आवश्यक आदेश जारी करने का निर्देश भी दिया गया।
बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा में भवन प्रमंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि छठ पर्व के बाद बैरिकेडिंग का काम शुरू किया जाएगा।
अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीओ एवं एसडीपीओ सोनपुर को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। मेला क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर स्पष्ट एवं पर्याप्त साइनेज लगाने पर भी जोर दिया गया।
पेयजल व शौचालय स्थलों की जानकारी होगी सार्वजनिक
पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पीएचईडी के पदाधिकारियों से प्रस्तावित क्लस्टर की जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने सभी स्थलों की सूची एवं लोकेशन चार्ट बोर्ड पर साझा करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
नगर क्षेत्र की खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा जहां प्रकाश व्यवस्था नहीं है, वहां नई व्यवस्था की कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया।
आरसीडी एवं आरडब्लूडी की सड़कों को भी दुरुस्त रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने एसडीओ सोनपुर को कार्यों की नियमित निगरानी के लिए समिति गठित कर प्रगति एवं अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और मेला में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुगम एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक के बाद जिलाधिकारी समेत अधिकारियों ने हरिहर क्षेत्र मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
यह भी पढ़ें- सोनपुर मेला 2026: कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच, 'सोनपुर आइडल' से प्रतिभाओं को तराशेगा प्रशासन