Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सावन की पहली सोमवारी पर तेजस्वी ने बाबा हरिहरनाथ का किया जलाभिषेक, बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे पर सवाल टाला

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 08:52 AM (GMT+05:30)

    तेजस्वी यादव ने सावन की पहली सोमवारी पर सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. तेजस्वी यादव ने सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक किया।

    2. राज्य की सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की प्रार्थना की।

    3. लालू प्रसाद यादव के मंदिर से पुराने लगाव का जिक्र किया।

    जागरण संवाददाता, हाजीपुर। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सावन महीने की पहली सोमवारी पर सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।सोमवार सुबह मंदिर पहुंचते ही बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता और श्रद्धालु परिसर में जुट गए। हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। 

    तेजस्वी यादव ने गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक कर राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और जनता के कल्याण की प्रार्थना की। पूजा के बाद उन्होंने मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। 

    इस दौरान राजद के प्रवक्ता शक्ति यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक भी उनके साथ मौजूद रहे। सभी ने बाबा हरिहरनाथ के दरबार में माथा टेका। मंदिर प्रशासन ने पूजा के लिए विशेष व्यवस्था की थी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल तैनात रहा।

    सुबह से लगी रही लंबी कतारें

    सावन की पहली सोमवारी होने के कारण सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज से आए शिवभक्त गंगा जल और पूजन सामग्री के साथ बाबा का जलाभिषेक करने पहुंचे। मान्यता है कि सावन में शिव की आराधना से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

    राजद कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

    तेजस्वी के आगमन से राजद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि पिता लालू जी का भी इस मंदिर से पुराना लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि सावन का पहला सोमवार है, इसलिए हम दर्शन के लिए आए हैं। 

    खबरें और भी

    WhatsApp Image 2026-08-03 at 8.28.45 AM (1)

    बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे पर पूछे गए सवाल को उन्होंने टालते हुए कहा, "चुनाव आते-जाते रहते हैं, आज हम बाबा के दर्शन के लिए आए हैं। इस पर क्या टिप्पणी करनी है।

    बाबा हरिहरनाथ से हमारा बहुत पुराना रिश्ता

    उन्होंने कहा कि बाबा हरिहरनाथ से हमारा बहुत पुराना रिश्ता है। हमारे पिता लालू प्रसाद यादव जब विधायक और सांसद बने, तब उन्होंने इस मंदिर के लिए काफी काम किया। उनका भी बाबा से हमेशा लगाव रहा है। अभी उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है, लेकिन भविष्य में वह जरूर बाबा का दर्शन करने आएंगे। 

    WhatsApp Image 2026-08-03 at 8.28.45 AM

    तेजस्वी ने लोगों से शांति से सावन का महीना बिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़िया भाइयों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसकी व्यवस्था होनी चाहिए। हमारी पार्टी के लोगों ने भी कई जगहों पर कांवड़ियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

    अंत में उन्होंने सावन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे। देश में जो नई-नई समस्याएं आ रही हैं उनका समाधान हो। हर परिवार में खुशहाली और भाईचारा हो। सभी स्वस्थ और कामयाब हों। बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी से लड़ने की शक्ति बाबा दें। हमारा प्रयास हमेशा कमजोर और गरीब तबके की सेवा में रहे, ताकि वे मुख्यधारा से जुड़ सकें।

    यह भी पढ़ें- लालू-तेजस्वी की किस्मत का फैसला टला! IRCTC घोटाले में अब 14 अगस्त को क्या होगा?