Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    वैशाली में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, गंडक नदी में डूबने से मां और मामी की मौत; 2 बच्चे लापता

    Updated: Wed, 22 Apr 2026 05:00 PM (IST)

    सोनपुर के बैजलपुर में शादी के बाद 'चौठारी पूजन' के लिए गंडक नदी में स्नान करने गईं दो महिलाओं और दो बच्चों सहित चार लोग डूब गए। ...और पढ़ें

    गंडक नदी में डूबने से मां और मामी की मौत; 2 बच्चे लापता (AI Generated Image)

    गंडक नदी में डूबने से मां और मामी की मौत; 2 बच्चे लापता (AI Generated Image)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सहयोगी, सोनपुर। बेटी की शादी के बाद 'चौठारी पूजन' की रस्म निभाने गईं दो महिलाओं और दो बच्चों सहित चार लोग बुधवार को सोनपुर के बैजलपुर जड़भरत स्थान के समीप गंडक नदी में डूब गए। इस हृदय विदारक घटना में दो महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो बच्चों का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है।

    दो दिन पहले बैजलपुर केशो निवासी जनार्दन सिंह के जिस घर में बेटी की शादी का उल्लास था, वहां अब चीख-पुकार मची है।

    मृतकों की पहचान दुल्हन की 45 वर्षीय मां बबीता देवी और उसकी मामी (नालंदा जिले के नूरसराय निवासी रवि सिंह की पत्नी) 35 वर्षीय गुड़िया देवी के रूप में हुई है। गुड़िया देवी का 12 वर्षीय पुत्र रिशु कुमार और 15 वर्षीय पुत्री रिचा कुमारी अभी भी लापता हैं।

    कैसे हुई घटना?

    जानकारी के अनुसार, जनार्दन सिंह की बेटी की शादी सोमवार को स्थानीय गोपालपुर में हुई थी और मंगलवार को विदाई संपन्न हुई। बुधवार को परिवार की महिलाएं और रिश्तेदार 'चौठारी पूजन' के लिए गंडक नदी के घाट पर पहुंचे थे। पूजन से पहले सभी स्नान करने लगे, तभी गहरे पानी और तेज धार की वजह से चारों लोग बहने लगे।

    वहां मौजूद लोगों के शोर मचाने पर स्थानीय ग्रामीण और नाविक बचाव के लिए दौड़े। स्थानीय मल्लाहों की तत्परता से दोनों महिलाओं को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी स्थिति काफी नाजुक हो चुकी थी।

    प्रशासनिक कार्रवाई

    घटना की सूचना मिलते ही सीओ राजकुमार, थानाध्यक्ष दिलीप कुमार और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। नदी से निकाली गई दोनों महिलाओं को तत्काल सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

    खबरें और भी

    इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। भीषण गर्मी और लू के बावजूद नदी किनारे सैकड़ों लोगों की भीड़ जमी रही। मौके पर कल्याणपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विक्रम कुमार सिंह, सरपंच संघ के प्रखंड अध्यक्ष भरत सिंह और सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह भी परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे।