वैशाली में महिला थाना अध्यक्ष अदिति कुमारी पर गिरी गाज, कोर्ट के आदेश की अवहेलना पर हुई कार्रवाई
न्यायालय के आदेश की अवहेलना और प्रक्रिया में चूक के आरोप में महिला थाना अध्यक्ष अदिति कुमारी को पुलिस लाइन क्लोज कर दिया गया है। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
महिला थाना अध्यक्ष अदिति कुमारी पुलिस लाइन क्लोज।
न्यायालय के आदेश की प्रक्रिया में चूक का आरोप।
अपहृता युवती को माता-पिता को सौंपने में अनियमितता।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। लालगंज क्षेत्र में न्यायालय के आदेश के बावजूद प्रक्रिया में चूक बरतने के आरोप में महिला थाना अध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक अदिति कुमारी को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन क्लोज कर दिया गया है।
उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। यह जानकारी एसपी विक्रम सिहाग ने दी। एसपी ने बताया कि लालगंज क्षेत्र की एक बालिग अपहृता युवती को न्यायालय के आदेश पर बरामद कर लालगंज थाना के अनुसंधानकर्ता द्वारा उसके पति को सुपुर्द किया गया था।
इसके बाद महिला थानाध्यक्ष अदिति कुमारी ने विधिसम्मत प्रक्रिया और युवती की इच्छा का समुचित परीक्षण किए बिना उसे माता-पिता को सुपुर्द कर दिया था। इस मामले में माननीय न्यायालय ने विस्तृत जांच का निर्देश दिया था।
पुलिस अधीक्षक वैशाली के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक साइबर चांदनी सुमन द्वारा की गई जांच में उपलब्ध अभिलेखों, साक्ष्यों और संबंधित पक्षों के कथनों के आधार पर अदिति कुमारी की भूमिका में विभागीय स्तर पर त्रुटियां प्रथम दृष्टया पाई गई हैं।
जांच प्रतिवेदन के आलोक में अदिति कुमारी से विभागीय कार्रवाई के संबंध में आरोपों पर उनका पक्ष प्राप्त करने के लिए स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।
निष्पक्ष जांच और विभागीय प्रक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्हें तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन क्लोज किया गया है।
यह भी पढ़ें- पूर्णिया के 37 मौजों से गुजरेगा नया सिक्स-लेन एक्सप्रेसवे, अंतिम चरण में भूमि अधिग्रहण के सर्वे का काम