ई रिक्शा चोरी के आरोप में दिनभर पिटाई: वैशाली में घर पहुंचते ही युवक की मौत, 8 पर आरोप
वैशाली के बिदुपुर में ई-रिक्शा चोरी के शक में एक युवक सन्नी कुमार की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत हो गई। परिजनों ने 8 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, प ...और पढ़ें

युवक की मौत के बाद साक्ष्य जुटाती एफएसएल की टीम। जागरण
HighLights
युवक सन्नी कुमार की पिटाई से मौत।
ई-रिक्शा चोरी के शक में बेरहमी से पीटा।
आठ लोगों पर हत्या का आरोप, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के खानपुर पकड़ी पंचायत अंतर्गत खपुरा गांव में टोटो चोरी के शक में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। इससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान खपुरा गांव निवासी सन्नी कुमार (पिता बहरन राय) के रूप में हुई है। आरोप है कि युवक को दिनभर बेरहमी से पीटा गया और थाने से छोड़ने के बाद भी दोबारा मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
स्वजन के अनुसार सन्नी को बीते शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे घर से बुलाकर चंदपुरा सैदाबाद ले जाया गया। वहां टोटो (ई रिक्शा) चोरी के आरोप में उसे बेरहमी से पीटा गया।
पीटने के बाद ले गए थाने
शाम करीब 4 बजे आरोपित उसे बिदुपुर थाने ले गए। आरोप है कि थाने पर पुलिस ने युवक को छोड़ दिया, लेकिन इसके बाद भी आरोपितों ने दोबारा उससे मारपीट की।
अधमरी हालत में उसे घर छोड़ कर सभी चले गए। घर पहुंचने के लगभग आधे घंटे बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। सन्नी चार भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और तनाव का माहौल बन गया।
8 लोगों पर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मृतक के भाई सौरभ कुमार ने चंदपुरा सैदाबाद के मनीष कुमार सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि युवक की मौत पिटाई से हुई या अन्य कारण से। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले में आगे की जांच जारी है।