वैशाली DM का 'चोकर के बोरे' वाले वायरल VIDEO पर एक्शन, जिला पशुपालन पदाधिकारी की 'ड्यूटी' चेंज
एम्बुलेंस में चोकर वापस ले जाने का वीडियो वायरल होने के बाद वैशाली की डीएम वर्षा सिंह ने त्वरित कार्रवाई ...और पढ़ें

वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया प्रशासन
HighLights
एम्बुलेंस में चोकर वापस ले जाने का वीडियो वायरल।
डीएम वर्षा सिंह ने जिला पशुपालन पदाधिकारी पर की कार्रवाई।
बाढ़ प्रभावित पशुओं को चारा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर(वैशाली)। एम्बुलेंस पर चोकर रखकर ले जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने त्वरित कार्रवाई की है। संबंधित जिला पशुपालन पदाधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। उनके स्थान पर रंजीत कुमार शर्मा, अनुमंडल पशुपालन पदाधिकारी हाजीपुर को जिला पशुपालन पदाधिकारी के पद का प्रभार सौंपा गया है।
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया प्रशासन
वायरल वीडियो गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के निकट लगे सामुदायिक किचन एवं पशु राहत शिविर का बताया जा रहा है। बताया गया कि बीते दिनों मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंगा ब्रिज थाना के निकट राहत शिविर का निरीक्षण किया था।
आरोप है कि मुख्यमंत्री के जाने के बाद एम्बुलेंस से चोकर लेकर चालक जा रहा था, जिसका एक व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
प्रसारित वीडियो में एक व्यक्ति एम्बुलेंस चालक से पूछता दिखाई दे रहा है कि राहत शिविर से चोकर वापस क्यों ले जा रहे हैं। इस पर एम्बुलेंस में बैठा व्यक्ति चोकर वापस ले जाने की बात कहता है।
वीडियो में यह भी दावा किया गया कि चोकर मुख्यमंत्री के आने के दौरान दिखाने के लिए रखा गया था और उसे निजी पैसे से लाया गया था।
चारा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता
इधर, बाढ़ प्रभावित पशुपालकों को चोकर नहीं दिए जाने की सूचना पर जिला प्रशासन, वैशाली ने सफाई दी है। प्रशासन ने कहा कि बाढ़ आपदा के दौरान पशुपालकों एवं पशुधन के लिए आवश्यक चारा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपदा प्रबंधन के निर्धारित प्रावधानों और एसओपी के अनुरूप लगातार चारा उपलब्ध कराया जा रहा है।
वेंडर पर भी उठे सवाल, आपूर्ति के निर्देश
प्रशासन के अनुसार चोकर की आपूर्ति के लिए जिला स्तर से प्रावधान किया गया है। संबंधित वेंडर द्वारा चोकर उपलब्ध नहीं कराए जाने के मामले को डीएम वर्षा सिंह ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने चोकर की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं
डीएम ने स्पष्ट कहा है कि आपदा कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रकरण में तथ्यों एवं उत्तरदायित्व के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी पशुपालक को चारे की कमी नहीं होने दी जाएगी।
नियंत्रण कक्ष से मांगों पर तत्काल कार्रवाई
जिला प्रशासन के अनुसार नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्राप्त चारे की मांगों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। राहत कार्यों की प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा भी हो रही है।
प्रशासन ने कहा है कि पशुधन के लिए आवश्यक चारा उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
