यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bagaha: महावीरी झंडा जुलूस उपद्रव मामले में पुलिस का ताबडतोड़ एक्शन, अब तक 60 उपद्रवियों को किया गिरफ्तार
रामनवमी पर महावीरी झंडा जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच पथराव व हिंसक झड़प के बाद तीसरे दिन बुधवार को पश्चिम चंपारण के बगहा शहर में स्थिति सामान्य दिख ...और पढ़ें

HighLights
- बगहा में महावीरी झंडा जुलूस उपद्रव मामले में पुलिस का एक्शन
- 60 उपद्रवी गिरफ्तार, पुलिस टीम पर हमले में 140 नामजद
- पथराव व झड़प मामले में नगर थाने में 3 प्राथमिकियां दर्ज
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण): रामनवमी पर महावीरी झंडा जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच पथराव व हिंसक झड़प के बाद तीसरे दिन बुधवार को पश्चिम चंपारण के बगहा शहर में स्थिति सामान्य दिखी। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। अब तक 60 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है।
नगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि शहर के रतनमाला में जुलूस के दौरान अशांति फैलाने के आरोप में 140 लोगों को नामजद किया गया है। 300 अज्ञात लोगों पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले की गहनता से जांच जारी
एसपी किरण कुमार गोरख जाधव ने बताया कि नगर थाने में अभी तक तीन मामले दर्ज हुए हैं। दोनों पक्षों व पुलिस की ओर से प्राथमिकी की गई है। पुलिस सूत्रों की मानें तो उपद्रव मामले में कई अन्य प्राथमिकी भी की जाएगी। पुलिस इसके लिए इंटरनेट मीडिया के पोस्ट को खंगाल रही है।
पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
डीएम दिनेश कुमार राय ने बताया कि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमणशील हैं। सभी संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है।
बगहा में जनजीवन हुआ सामान्य
इधर, महावीरी झंडा जुलूस के दौरान उपद्रव के बाद बगहा बाजार में तीसरे दिन दुकानें खुली और लोग जरूरी काम के लिए घरों से बाहर निकले। डीआइजी जयंतकांत बगहा में कैंप कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
अन्य की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के सभी धार्मिक स्थलों पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है।