बगहा में युवक की मौत बनी पहेली, एक करोड़ की जमीन, ट्रैक्टर हादसा और हत्या का आरोप
बगहा के चौतरवा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर पलटने से 22 वर्षीय कृष्णा कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता ने एक करोड़ की जमीन बेचने के बा ...और पढ़ें

कृष्णा कुशवाहा की फाइल फोटो।
संवाद सहयोगी, बगहा/ चौतरवा । नगर थाना क्षेत्र के परसा निवासी 22 वर्षीय कृष्णा कुशवाहा की चौतरवा थाना क्षेत्र के सलहा जमुनिया गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक सत्यनारायण कुशवाहा का पुत्र था।
मां की मृत्यु के बाद वह बचपन से ही अपने नाना हौसला महतो के घर रह रहा था। नाना पक्ष के अनुसार सोमवार की रात कृष्णा ट्रैक्टर लेकर बरियरवा स्थित सरेह में धान की रोपनी के लिए खेत की जुताई (कनई) करने गया था।
इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। दूसरी ओर, मृतक के पिता व अन्य स्वजन ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
उनका आरोप है कि कृष्णा करीब एक माह पूर्व परसा स्थित लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य की जमीन बेचकर नाना के घर गया था। स्वजन का कहना है कि रुपये के लेन-देन को लेकर उसकी हत्या की गई हो सकती है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि यह दुर्घटना थी तो उन्हें तत्काल सूचना क्यों नहीं दी गई। घटना की जानकारी उन्हें गांव के अन्य लोगों से मिली।
चौतरवा प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रैक्टर पलटने से हुई दुर्घटना का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
खबरें और भी
- बगहा में ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत, पिता ने जताई हत्या की आशंका
- सलहा जमुनिया में खेत की जुताई के दौरान हुआ हादसा
- एक करोड़ की जमीन बेचने के बाद रुपये के विवाद का लगाया आरोप