Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    वाल्मीकिनगर में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर ग्रामीणों का हमला, 11 घायल, जेसीबी फूंकी, ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त

    By Vinod RaoEdited By: Dharmendra Singh
    Updated: Thu, 09 Jul 2026 02:40 PM (IST)

    वाल्मीकिनगर में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान ग्रामीणों ने एक अर्थमूवर मशीन में आग लगा द ...और पढ़ें

    HighLights

    1. वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला।

    2. अतिक्रमण हटाने के दौरान अर्थमूवर मशीन में लगाई आग।

    3. कई वनकर्मी और ग्रामीण हुए घायल, पुलिस बल तैनात।

    जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण )। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र अंतर्गत ठाड़ी गांव के समीप धनहिया में गुरुवार को वन भूमि से अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

    कार्रवाई के दौरान आक्रोशित लोगों ने वन विभाग की कार्रवाई में लगी एक जेसीबी (अर्थमूवर मशीन) में आग लगा दी। घटना में कुंदन कुमार, सूरज कुमार, शुभम कुमार, अंजनी कुमार, विवेक कुमार वन कर्मी घायल हो गए ।

    वहीं सहित दूसरे पक्ष के छह से सात लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि उनका इलाज कहां चल रहा है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

    जानकारी के अनुसार वन प्रमंडल-दो के चुलभट्टा जंगल स्थित वन कक्ष संख्या 28, 29 और 30 में करीब 100 एकड़ वन भूमि पर वर्षों से अतिक्रमण कर खेती की जा रही थी।

    वन विभाग की टीम उक्त भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए गुरुवार को अर्थमूवर और ट्रैक्टर के साथ पहुंची। टीम अतिक्रमित भूमि पर लगी गन्ने की फसल को हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

    देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और विरोध हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने कार्रवाई में लगी एक अर्थमूवर मशीन में आग लगा दी और ट्रैक्टर को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

    सूचना मिलते ही बगहा एसडीपीओ निहार भूषण तथा एसएसबी की 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की।

    खबरें और भी

    इसके बाद वन विभाग की टीम को सुरक्षित घटनास्थल से बाहर निकाला गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और वनकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।

    प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों के बीच झड़प की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।

    लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया तथा वन विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की जाएगी और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।