पश्चिम चंपारण में कार और बाइक की टक्कर में युवक की मौत, साला गंभीर हालत में पटना रेफर
Bihar Road Accident: पश्चिम चंपारण के बेतिया-मैनाटांड़ मुख्य मार्ग पर कार और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साला गंभीर रूप से घा ...और पढ़ें

हादसे की सूचना के बाद शोक संतप्त परिवार। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, बेतिया/चनपटिया (पश्चिम चंपारण)। Bettiah Accident: पश्चिम चंपारण के बेतिया–मैनाटांड़ मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा भंगहा स्थान के समीप पेट्रोल पंप के सामने कार और बाइक की टक्कर में हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
भंगहा स्थान के पास हादसा
जानकारी के अनुसार, मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के रामपुरवा वार्ड संख्या-7 निवासी स्वर्गीय भिखम साह के 45 वर्षीय पुत्र राजन साह शनिवार सुबह बाइक से बेतिया जा रहे थे।
उनके साथ बाइक पर उनके साले संतोष कुमार भी सवार थे। सुबह करीब नौ बजे भंगहा स्थान के पास सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राजन साह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को पटना किया रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल संतोष कुमार को इलाज के लिए जीएमसीएच पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
कार में सवार थीं चिकित्सक
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में मैनाटांड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक डॉ. मरियम जमील सवार थीं।
वह बेतिया से मैनाटांड़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी के लिए जा रही थीं। हादसे के बाद पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है।
चालक हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक राजन साह पेशे से टेंपो चालक थे और पूर्व में मत्स्यजीवी सहयोग समिति, मैनाटांड़ प्रखंड के मंत्री भी रह चुके थे। उनकी मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।