पश्चिम चंपारण में भीषण सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत, एक घायल
Bihar Accident News:पश्चिम चंपारण के मझौलिया में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक और साइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो ग ...और पढ़ें

पोस्टमार्टम रूम के बाहर मौजूद लोग। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक और साइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
चंडीगढ़ जाने की थी तैयारी
मृतकों की पहचान लालसरैया वार्ड संख्या नौ निवासी अवध किशोर सहनी के 25 वर्षीय पुत्र रामप्रवेश सहनी और उसके मौसा शेख मझरिया निवासी 27 वर्षीय किरानी सहनी के रूप में हुई है।
बताया गया कि दोनों युवक रोजगार के सिलसिले में चंडीगढ़ जाने वाले थे। सोमवार रात ट्रेन पकड़कर रवाना होना था। इसके लिए पैसे की व्यवस्था करने दोनों गहना गिरवी रखने बखरिया चौक गए थे।
लौटने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
गहना गिरवी रखकर लौटने के दौरान लालसरैया पंचायत भवन के समीप तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
इसी दौरान सड़क किनारे साइकिल से गुजर रहे एक व्यक्ति को भी वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया।
घायल साइकिल सवार पटना रेफर
स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने जांच के बाद रामप्रवेश और किरानी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के अनुसार वह गांव-गांव घूमकर फेरी का काम करता था।
चालक वाहन छोड़ फरार
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।