आवाज बदलकर पत्नी के फोन से प्रेमी को मेला देखने के लिए बुलाया और मार डाला, पश्चिम चंपारण की घटना
Bihar Crime News: बगहा में पेड़ से लटके मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझ गई है, जिसे पुलिस ने प्रेम प्रसंग से जुड़ी सुनियोजित हत्या बताया है। पत्नी के प ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Murder Case: पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिले में पेड़ से लटके मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने हत्या की सनसनीखेज साजिश का खुलासा किया है।
शुरुआती तौर पर आत्महत्या प्रतीत हो रही यह घटना दरअसल प्रेम संबंध से जुड़ी सुनियोजित हत्या निकली।
पुलिस के अनुसार पत्नी के प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए पति ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित राजन यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पेड़ से लटका मिला था युवक का शव
27 मई को बथवरिया थाना क्षेत्र के शेरा बाजार स्थित एक बगीचे में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। मृतक की पहचान बेतिया पुलिस जिला के नवलपुर थाना क्षेत्र स्थित चंद्रौल गांव निवासी 23 वर्षीय रंगीला यादव के रूप में हुई थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक के पिता के आवेदन पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की गई।
तकनीकी जांच से खुला हत्या का राज
पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि तकनीकी अनुसंधान और साक्ष्यों के आधार पर राजन यादव का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान राजन यादव ने हत्या की साजिश और उसमें अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
शादी से पहले से था प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रंगीला यादव का आरोपित की पत्नी से शादी से पहले से संपर्क था। विवाह के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही।
राजन यादव ने कई बार अपनी पत्नी को रंगीला से बात करने से मना किया था। इस मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट तक की नौबत आ चुकी थी। बावजूद इसके दोनों का संपर्क बना रहा।
इसी बीच मामले के एक अन्य नामजद आरोपित सुधीर उर्फ कंच्छेदा का भी रंगीला यादव के साथ रुपये-पैसे को लेकर विवाद चल रहा था।
आवाज बदलकर रची गई पूरी साजिश
पुलिस के अनुसार राजन यादव और सुधीर ने मिलकर रंगीला यादव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। साजिश के तहत रंगीला को गोरखपुर से मेला देखने के बहाने बुलाया गया।
इसके बाद राजन यादव ने अपनी पत्नी के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए आवाज बदलकर रंगीला को रात में बगीचे में आने के लिए कहा। प्रेमिका समझकर रंगीला वहां पहुंच गया।
बगीचे में गला दबाकर की हत्या
जैसे ही रंगीला निर्धारित स्थान पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद राजन यादव और सुधीर ने उसे दबोच लिया। दोनों ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद अपराधियों ने पूरे मामले को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की। इसके लिए मृतक के ही गमछे का इस्तेमाल कर शव को आम के पेड़ से लटका दिया गया, ताकि पुलिस को यह आत्महत्या का मामला लगे।
खबरें और भी
अन्य आरोपितों की तलाश जारी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार राजन यादव ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे में रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, अंचल पुलिस निरीक्षक अभय कुमार, अवर निरीक्षक अनुपम कुमार और नीतू कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फोरेंसिक और श्वान दस्ता ने जुटाए थे साक्ष्य
घटना के बाद रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में फोरेंसिक टीम और श्वान दस्ता मौके पर पहुंचा था। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्या की साजिश तक पहुंचने में सफल रही।
इस खुलासे के साथ पुलिस ने कुछ ही दिनों में हत्या की गुत्थी सुलझा ली, जबकि शुरुआत में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था।