पश्चिम चंपारण में पति की हत्या के 5 दिन बाद पत्नी की ट्रेन से कटकर मौत, जांच में जुटी पुलिस
Bettiah Railway Track Incident: पश्चिम चंपारण में पति की हत्या के महज पांच दिन बाद एक महिला की रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पुलिस आत्महत्या ...और पढ़ें

शव सोमवार को कुड़िया कोठी रेलवे ट्रैक पर मिला। प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Woman Death: पश्चिम चंपारण के मनुआपुल थाना क्षेत्र में पति की हत्या के महज पांच दिन बाद उसकी पत्नी की रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या और हादसे, दोनों बिंदुओं पर जांच जारी है।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव
मनुआपुल थाना क्षेत्र के मेहदिया बारी निवासी रानी खातून (22) का शव सोमवार को कुड़िया कोठी रेलवे ट्रैक पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पति की हुई थी हत्या
रानी खातून स्व. असलम हुसैन की पत्नी थी। प्रेम विवाह के बाद दोनों असलम के ननिहाल में रह रहे थे। कुछ दिन पहले असलम की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद रानी मानसिक तनाव में थी।
स्वजन का कहना है कि पति की मौत के बाद वह काफी परेशान रहने लगी थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
हत्या को लेकर लगे थे आरोप
गत बुधवार को मनुआपुल थाना क्षेत्र में असलम का गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। असलम गौनाहा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या सात निवासी जाकिर हुसैन का पुत्र था और राजमिस्त्री का काम करता था।
असलम के पिता ने आरोप लगाया था कि प्रेम विवाह से नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या की है। उनका यह भी कहना था कि बेटे को पहले भी मारपीट का सामना करना पड़ा था और उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
खबरें और भी
सभी पहलुओं की हो रही जांच
अस्पताल नाका प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर महिला की मौत के मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।