Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आठ साल बाद दरभंगा से नरकटियागंज तक शुरू हुई सीधी सवारी गाड़ी, यात्रियों को मिली बड़ी राहत

    By Prabhat Mishra Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Mon, 18 May 2026 06:25 PM (IST)

    केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने नरकटियागंज तक विस्तारित दरभंगा-रक्सौल मेमू और सिकटा-मुजफ्फरपुर नई मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इन सेवाओं से पश्चिम ...और पढ़ें

    पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में मेमू सवारी गाड़ी। जागरण

    पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में मेमू सवारी गाड़ी। जागरण 

    HighLights

    1. दरभंगा-नरकटियागंज मेमू ट्रेन आठ साल बाद फिर शुरू।

    2. सिकटा से मुजफ्फरपुर तक नई सीधी पैसेंजर ट्रेन सेवा।

    3. पश्चिम चंपारण, नेपाल सीमा के यात्रियों को सीधा लाभ।

    जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण) । सीमावर्ती क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने नरकटियागंज तक विस्तारित दरभंगा-रक्सौल मेमू सवारी गाड़ी तथा सिकटा से मुजफ्फरपुर तक चलने वाली नई मेमू पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

    इन ट्रेनों के शुरू होने से पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और नेपाल सीमा से जुड़े यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। 2018 में आमान परिवर्तन कार्य पूरा होने के बाद नरकटियागंज-दरभंगा रेलखंड पर खंडित परिचालन हो रहा था।

    दरभंगा तक सीधी सवारी गाड़ी नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब यह ट्रेन सिकटा और रक्सौल होते हुए सीधे दरभंगा तक जाएगी, जिससे यात्रा अधिक सुगम हो जाएगी।

    वहीं सिकटा से मुजफ्फरपुर तक पहली बार सीधी सवारी गाड़ी शुरू होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय निवासी विनोद शंकर राव ने बताया कि अब यात्रियों को दूसरे स्टेशनों पर जाकर ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

    सिकटा के जटाशंकर प्रसाद ने बताया कि पहले सीतामढ़ी और जनकपुर जाने के लिए नरकटियागंज या रक्सौल जाना पड़ता था। अब सीधे पैसेंजर ट्रेन मिलने से रोडसाइड स्टेशनों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। खर्च भी कम लगेगा।

    उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक और पारिवारिक रिश्ते भी मजबूत होंगे तथा जनकपुर धाम तक पहुंचना आसान हो जाएगा। स्थानीय लोगों के अनुसार इन ट्रेनों से सब्जी कारोबारियों को भी काफी फायदा होगा।

    पूर्वी चंपारण से आने वाली सब्जियों का परिवहन अब अधिक सहज और सस्ता हो सकेगा। राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के लोगों के बीच लंबे समय से सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। यह रेल सेवा इन संबंधों को और मजबूत करेंगी तथा रोजगार, व्यापार और आवागमन के नए अवसर खोलेंगी।

     दरभंगा-नरकटियागंज मेमू ट्रेन का सिकटा में जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत

    सिकटा। दरभंगा से नरकटियागंज तक विस्तारित मेमू सवारी गाड़ी के परिचालन शुरू होने से सिकटा समेत सीमावर्ती नेपाल क्षेत्र के लोगों में खुशी है। सोमवार को नरकटियागंज में स्पेशल ट्रेन चलाकर केन्द्रीय कोयला एवं खान मंत्री सतीशचन्द्र दुबे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

    खबरें और भी

    जैसे ही स्पेशल ट्रेन सिकटा स्टेशन पहुंची, यहां रेल परिचालन संघर्ष समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने चालक को फूल-माला स्वागत किया। लोगों ने कहा कि यह ट्रेन वर्षों की लंबी मांग और संघर्ष के बाद मिली है।

    कहा कि इस ट्रेन के चलने से जानकी जन्मस्थली सीतामढ़ी, जनकपुरधाम समेत इलाज के लिए दरभंगा जाना अब काफी आसान हो जाएगा। इससे नेपाल के तराई क्षेत्र के लोगों के साथ मैनाटांड़ प्रखंड के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

    स्वागत करने वालों में रेल आंदोलन के प्रमुख रमेश कुमार उर्फ मुन्ना, उप सरपंच संजय सर्राफ, संतोष पासवान, मधुरेंद्र सर्राफ, बुनीलाल पासवान, मधूप गुप्ता, सोनू सर्राफ, शौकत अहमद समेत सैकड़ों लोग शामिल थे।