कांग्रेस MLA ने राज्यसभा चुनाव से 'गायब' रहने पर दी सफाई, कहा, पार्टी ने कुछ नहीं कहा था
Rajya Sabha Election Bihar: वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने राज्यसभा चुनाव में अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कांग्रेस के प्रति ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Congress MLA Statement: बिहार में राज्यसभा चुनाव के दौरान मतदान से अनुपस्थित रहने को लेकर उठ रहे सवालों पर कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा (Surendra Prasad Kushwaha) ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने साफ कहा कि वे कांग्रेस पार्टी के साथ हैं और कहीं नहीं जा रहे हैं।
वाल्मीकिनगर से विधायक कुशवाहा ने नगर के एक मैरेज हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि उन्होंने हमेशा कांग्रेस को मजबूत करने के लिए काम किया है और घर-घर पार्टी का झंडा पहुंचाने में भूमिका निभाई है।
उम्मीदवार को लेकर व्यक्त की आशंका
उन्होंने अपनी अनुपस्थिति को लेकर कहा कि यदि राज्यसभा के लिए उम्मीदवार दलित, ओबीसी या अल्पसंख्यक समाज से होता, तो वे निश्चित रूप से मतदान करते।
उन्होंने उदाहरण देते हुए दीपक यादव, मुकेश साहनी, राजेश राम और हिना सहाब जैसे नेताओं के नाम का उल्लेख किया और कहा कि ऐसे उम्मीदवार के रहते मतदान नहीं करते तो खुद को दोषी मानते।
एडी सिंह के नाम पर असंतोष
विधायक ने राज्यसभा उम्मीदवार एडी सिंह के नाम पर असंतोष जताया। उनका आरोप है कि उन्होंने महागठबंधन के लिए कोई खास सक्रिय भूमिका नहीं निभाई और सांसद रहते हुए भी क्षेत्रीय मुद्दों को प्रभावी तरीके से नहीं उठाया।
चुनाव से पहले कोई बैठक नहीं
अनुशासनात्मक कार्रवाई के सवाल पर कुशवाहा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें कोई निर्देश या दबाव नहीं मिला। न कोई बैठक बुलाई गई और न ही किसी वरिष्ठ पदाधिकारी का फोन आया। उन्होंने बताया कि चुनाव से एक दिन पहले सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष का व्हाट्सएप संदेश मिला था।
खरीद-फरोख्त के आरोपों को खारिज करते हुए विधायक ने कहा कि वे बिकाऊ नहीं हैं और उन्हें खरीदने की किसी की हैसियत नहीं है। उन्होंने दोहराया कि वे पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस के साथ जुड़े हुए हैं।