Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मद्य निषेध अवर निरीक्षक परीक्षा में विश्व इतिहास और भूगोल के कठिन सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 06:18 PM (IST)

    World History Geography Questions: बेतिया में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की मद्य निषेध अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। सामान्य ज्ञान ...और पढ़ें

    मद्य निषेध अवर निरीक्षक की परीक्षा देकर बाहद निकलते अभ्यर्थी। फोटो: जागरण

    मद्य निषेध अवर निरीक्षक की परीक्षा देकर बाहद निकलते अभ्यर्थी। फोटो: जागरण

    संवाद सहयोगी, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Prohibition Sub Inspector Exam: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित मद्य निषेध अवर निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा रविवार को बेतिया जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

    परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। इस एकल पाली की परीक्षा में कुल 7104 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जहां सघन जांच और वीडियोग्राफी के बीच परीक्षा कराई गई।

    सामान्य ज्ञान और विज्ञान के सीधे सवाल

    परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों के अनुसार, प्रश्नपत्र में सामान्य ज्ञान, करेंट अफेयर्स और विज्ञान से पूछे गए प्रश्न अपेक्षाकृत आसान और सीधे थे। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय समसामयिक घटनाओं, भारतीय संविधान के प्रमुख अनुच्छेदों के साथ-साथ बिहार के इतिहास और यहां की अर्थव्यवस्था से जुड़े प्रश्न स्कोरिंग रहे।

    इसके अलावा भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान के मूल सिद्धांतों पर आधारित प्रश्नों को हल करने में भी परीक्षार्थियों को अधिक कठिनाई नहीं हुई।

    विश्व इतिहास और भूगोल के प्रश्नों ने फंसाया

    आसान सवालों के बीच विश्व इतिहास और उन्नत भूगोल (Advanced Geography) के कुछ कठिन प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को खासा उलझा दिया। परीक्षार्थियों ने बताया कि विश्व इतिहास के तहत विभिन्न वैश्विक क्रांतियों और ऐतिहासिक घटनाओं के वर्ष से जुड़े तथ्यात्मक प्रश्नों ने काफी समय लिया।

    खबरें और भी

    विकल्प काफी नजदीकी होने के कारण अभ्यर्थियों को सही उत्तर चुनने में उलझन हुई। हालांकि, अधिकांश अभ्यर्थियों का मानना है कि प्रश्नपत्र का कुल स्तर मध्यम (Moderate) रहा।

    सघन फ्रिस्किंग और कड़े प्रतिबंधों के बीच परीक्षा

    प्रशासनिक नियमों के तहत परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे से ही अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग शुरू हो गई थी, जबकि 10:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

    प्रवेश से पहले एडमिट कार्ड और पहचान पत्र का गहन सत्यापन किया गया। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा।

    हर केंद्र पर केंद्र प्रेक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की मुस्तैद तैनाती रही, जबकि उड़नदस्ता टीमें लगातार केंद्रों का मुआयना करती रहीं।

    500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू

    विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी 13 परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी।

    पूरी परीक्षा के दौरान सभी कमरों और परिसरों में वीडियोग्राफी कराई गई ताकि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी लगातार केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया और परीक्षा को निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराया।