बिहार में बारिश से पश्चिम चंपारण के दोन क्षेत्र की मुख्य सड़क ध्वस्त, 18 गांवों का संपर्क टूटा
West Champaran Rain:मानसून की पहली बारिश में पश्चिम चंपारण के दोन क्षेत्र की मुख्य सड़क ध्वस्त हो गई, जिससे 18 से अधिक गांवों का संपर्क टूट गया है। अव ...और पढ़ें

बारिश जारी रही तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते। फोटो: जागरण
संवाद सूत्र, रामनगर (पश्चिम चंपारण)। Bihar Heavy Rain: मानसून की शुरुआती बारिश ने ही पश्चिम चंपारण के सुदूरवर्ती दोन क्षेत्र की सड़क व्यवस्था की पोल खोल दी है।
शुक्रवार रात हुई तेज बारिश के बाद अवरहिया गांव के समीप बरसाती जंगली नाले पर बनी पाइप पुलिया के ऊपर की मिट्टी पूरी तरह बह गई, जिससे मुख्य सड़क बीच से ध्वस्त हो गई।
इसके चलते करीब 18 गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है और लोगों को आवाजाही में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिया के दोनों ओर छह फीट तक कटाव
बारिश के बाद पुलिया के दोनों ओर करीब छह फीट तक मिट्टी कट जाने से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पुलिया के किनारे से पैदल और बाइक के सहारे किसी तरह आवागमन कर रहे हैं।
वहीं डुमरी चेकपोस्ट से आगे जंगल मार्ग की कच्ची सड़क भी कीचड़ और गड्ढों के कारण बेहद खराब हो गई है, जिससे सफर करना मुश्किल हो गया है।
18 से अधिक गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित
इस मार्ग से अवरहिया, चंपापुर, शीतलबारी, सेमरहनी, शेरहवा, बनकटवा, रूपवलिया, बेलाटांडी, बेतहानी, बैरिया, सिंघरहवा, लक्ष्मीपुर, नौरंगिया, खैरहनी गर्दी, करमहिया समेत डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क ध्वस्त होने से इन गांवों के लोगों का प्रखंड मुख्यालय और अन्य क्षेत्रों से संपर्क प्रभावित हो गया है।
फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं
क्षेत्र की कापन, हरहा, भलुई, रघिया और मसान नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि फिलहाल तटवर्ती गांवों में जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बनी है और कृषि भूमि के कटाव की भी सूचना नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि लगातार बारिश जारी रही तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
शीघ्र मरम्मत की मांग
बनकटवा करमहिया पंचायत की मुखिया गीता देवी और नौरंगिया पंचायत के मुखिया गौरीशंकर प्रसाद ने अवरहिया के समीप सड़क ध्वस्त होने की पुष्टि की है।
उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान तीन से चार महीने तक दोन क्षेत्र के लोगों को सड़क संपर्क टूटने की समस्या झेलनी पड़ती है।
उन्होंने प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन बहाल करने की मांग की है, ताकि लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।