पश्चिम चंपारण में गंडक नदी में जलबोझी के दौरान 14 वर्षीय किशोर डूबा, दोस्तों के सामने हुआ हादसा
West Champaran Gandak River: सावन के पहले सोमवार को पश्चिम चंपारण में गंडक नदी के बथना घाट पर जलबोझी के दौरान 14 वर्षीय शुभम कुमार डूब गया। एसडीआरएफ क ...और पढ़ें

नौतन प्रखंड के शिवराजपुर पंचायत निवासी 14 वर्षीय शुभम कुमार गंडक नदी में डूब गया।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Gandak River: सावन के पहले सोमवार को पश्चिम चंपारण में गंडक नदी के बथना घाट पर जलबोझी के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
नौतन प्रखंड के शिवराजपुर पंचायत निवासी 14 वर्षीय शुभम कुमार गंडक नदी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर किशोर की तलाश में जुट गई।
स्नान के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार नौतन प्रखंड के शिवराजपुर पंचायत के वार्ड संख्या तीन निवासी झुनझुन दुबे का 14 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार अपने करीब 10 दोस्तों के साथ सावन के पहले सोमवार पर जल लेने बथना घाट पहुंचा था। जलबोझी से पहले सभी किशोर गंडक नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान शुभम का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
तेज बहाव में बह गया किशोर
शुभम के साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन गंडक नदी के तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते किशोर पानी में बह गया। घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
एसडीआरएफ चला रही सर्च अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस टीम बथना घाट पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम नदी में लगातार सर्च अभियान चलाकर शुभम की तलाश कर रही है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन भी घाट पर पहुंच गए हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शुभम के पिता झुनझुन दुबे ने बताया कि उनका बेटा अपने दोस्तों के साथ गंडक नदी से जल लेने गया था, जहां यह हादसा हो गया। शुभम अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें और भी
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि गंडक नदी में एक किशोर के डूबने की सूचना मिली है। एसडीआरएफ की टीम नदी में सर्च अभियान चला रही है। किशोर की तलाश जारी है।