बिहार में अब गूगल फॉर्म से होगी शिक्षकों की निगरानी, फोटो अपलोड नहीं करने पर कटेगा वेतन
पश्चिम चंपारण में 1 अगस्त से सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को प्रतिदिन गूगल फॉर्म के माध्यम से शिक्षण कार्य का विवरण और कक्षा क ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी बेतिया (पश्चिम चंपारण)। जिले के सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और पठन-पाठन की निगरानी अब पूरी तरह डिजिटल होगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) राजन कुमार ने एक अगस्त से जिले के सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों, सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) तथा पीएम श्री विद्यालयों के शिक्षकों के लिए प्रतिदिन गूगल फॉर्म के माध्यम से शिक्षण कार्य का विवरण और कक्षा की तस्वीर अपलोड करना अनिवार्य कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, शिक्षकों को प्रतिदिन पढ़ाए गए विषय, संचालित कक्षाओं एवं कक्षा की तस्वीरों के साथ निर्धारित गूगल फॉर्म भरना होगा।
यही प्रविष्टि उनकी उपस्थिति और उस दिन कराए गए शिक्षण कार्य का आधिकारिक प्रमाण मानी जाएगी। डीईओ ने बताया कि यदि कोई शिक्षक विद्यालय बंद होने तक गूगल फॉर्म में जानकारी दर्ज नहीं करता है, तो उसे उस दिन अनुपस्थित माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित तिथि का वेतन काटने के साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
हर सोमवार कार्रवाई के लिए बनेगी सूची
नई व्यवस्था के तहत गूगल फॉर्म की निगरानी तीन स्तरों पर होगी। संकुल स्तर पर संकुल व्यवस्थापक, प्रखंड स्तर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) एवं उनके अधिकृत कर्मी, जबकि जिला स्तर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) की अध्यक्षता में गठित शैक्षणिक कोषांग पूरे अभियान की समीक्षा करेगा।
डीईओ ने शैक्षणिक कोषांग को निर्देश दिया है कि गूगल फॉर्म की नियमित समीक्षा कर प्रत्येक सोमवार एंट्री नहीं करने वाले शिक्षकों की सूची तैयार कर कार्रवाई के लिए प्रस्तुत की जाए।
सभी बीईओ को भी अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों में इस व्यवस्था का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
डीईओ राजन कुमार ने कहा कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के मासिक शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराना विभाग की प्राथमिकता है। नई व्यवस्था से शिक्षकों की जवाबदेही बढ़ेगी, नियमित पठन-पाठन सुनिश्चित होगा और विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।