770 हुनरमंदों को मिला 1-1 लाख का लोन, पश्चिम चंपारण में पीएम विश्वकर्मा योजना से चमकी किस्मत
Bihar Skill Training: पश्चिम चंपारण में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 770 हुनरमंदों को स्वरोजगार के लिए ऋण मिला है। इस योजना से कारीगरों को आर् ...और पढ़ें

प्रशिक्षक हासिल करने वाले कारीगरों को स्वरोजगार के लिए लोन दिया गया। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। PM Vishwakarma Yojana: पारंपरिक कारीगरों व शिल्पकारों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार लगातार मदद कर रही है। पश्चिम चंपारण जिले में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत अब तक 770 हुनरमंदों को ऋण उपलब्ध कराया गया है।
योजना के माध्यम से कारीगरों को आर्थिक सहायता के साथ प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा उन्हें आधुनिक उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे वे अपने पारंपरिक व्यवसाय का विस्तार आसानी से कर सकें।
जिले में योजना को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया है। अब तक कुल 40,836 लोगों ने इसके लिए आवेदन किया था। जांच के बाद 4,813 कारीगरों का सफल पंजीकरण किया गया।
पंजीकरण के बाद 3,565 कारीगरों की कौशल जांच की गई। इनमें से 2,865 लाभार्थियों ने निर्धारित प्रशिक्षण सफलता पूर्वक पूरा कर लिया है। प्रशिक्षण में व्यापार संचालन की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के अलावा 901 कारीगरों को टूल किट भी प्रदान की गई है। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रोहित राज ने बताया कि योजना से रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।
उद्योग महाप्रबंधक ने बताया कि कई अन्य शिल्पकारों को ऋण दिलाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। फिलहाल 275 आवेदन बैंकों के पोर्टल पर स्वीकृति के लिए लंबित हैं।
लंबित आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है ताकि जल्द स्वीकृति मिले। इस योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 1 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाता है।