विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण : राशन कार्ड बनवाने वालों के लिए जरूरी अपडेट, ई-केवाईसी नहीं तो अटक सकता है कार्ड

Published: Mon, 31 Aug 2026 05:43 PM (IST)

नरकटियागंज प्रखंड में राशन कार्ड बनवाने या पुराने कार्ड में सदस्य का नाम जुड़वाने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी ...और पढ़ें

पीडीएस विक्रेताओं को निर्देश देते एसडीओ, व एमओ। सौ. प्रशासन

पीडीएस विक्रेताओं को निर्देश देते एसडीओ, व एमओ। सौ. प्रशासन

संवाद सहयोगी, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। राशन कार्ड बनवाने या पुराने कार्ड में परिवार के नए सदस्य का नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने वालों के लिए जरूरी खबर है। ई-केवाईसी पूरी हुए बिना राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी।

इसी को लेकर नरकटियागंज प्रखंड में प्रशासन ने ई-केवाईसी की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को चार्ज सेंटर में एसडीओ अभिजीत कुमार गोविंदा की अध्यक्षता में जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के साथ हुई बैठक में लंबित आवेदनों का जल्द निपटारा करने को कहा गया।

नए आवेदनों की हुई समीक्षा

बैठक में नए राशन कार्ड बनाने और पुराने कार्डों में नए सदस्यों के नाम जोड़ने से जुड़े आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की गई। एसडीओ ने पीडीएस डीलरों को निर्देश दिया कि आवेदकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि पात्र लोगों को राशन कार्ड का लाभ समय पर मिल सके।

2357 आवेदन मिले

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि नरकटियागंज प्रखंड क्षेत्र से नए राशन कार्ड के लिए कुल 2357 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदनों की ऑनलाइन इंट्री पूरी कर ली गई है। अब इन आवेदकों की ई-केवाईसी कराने की प्रक्रिया चल रही है।

227 की ई-केवाईसी पूरी

प्राप्त आवेदनों में अब तक 227 आवेदकों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। वहीं, 180 नए राशन कार्ड बनकर तैयार हो गए हैं। शेष 2130 आवेदकों की ई-केवाईसी अभी बाकी है। अधिकारियों ने इसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया है।

ई-केवाईसी के बाद ही आगे बढ़ेगा काम

एसडीओ ने स्पष्ट किया कि विभागीय नियमों के अनुसार ई-केवाईसी पूरी होने के बाद ही राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। ऐसे में जिन आवेदकों की ई-केवाईसी अभी नहीं हुई है, उनके लिए यह प्रक्रिया पूरी कराना जरूरी है।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

अधिकारियों ने पीडीएस डीलरों को राशन कार्ड से जुड़े कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी। लंबित ई-केवाईसी को जल्द पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में प्रखंड के सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- किसानों की एक फार्मर आइडी के कई फायदे, PM Kisan, KCC से लेकर खाद-बीज के साथ और भी बहुत कुछ