Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पश्चिम चंपारण में थाने में युवक ने गर्दन पर किया वार, चंद मिनटों में बदला घटनाक्रम, युवक गंभीर रूप से घायल

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 09:04 PM (IST)

    पश्चिम चंपारण के रामनगर थाने में नशे की हालत में पकड़े गए एक युवक ने अपनी गर्दन पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घरेलू विवाद और पत्नी से मा ...और पढ़ें

    जख्मी युवक का अस्पताल में चल रहा इलाज।

    जख्मी युवक का अस्पताल में चल रहा इलाज।

    संवाद सूत्र, रामनगर (पश्चिम चंपारण)। नशे की हालत में पकड़े गए एक युवक ने गुरुवार शाम थाने परिसर में ही अपनी गर्दन पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया।

    घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जीएमसीएच रेफर कर दिया।

    घायल की पहचान गोला बाजार निवासी 20 वर्षीय प्रेम राम पिता बालदेव राम, के रूप में हुई है। प्रेम राम गुरुवार की शाम करीब सात बजे नशे की हालत में अपने घर पहुंचा था। घर पहुंचते ही वह पत्नी के साथ गाली-गलौज करने लगा।

    परिवार के लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। पिता द्वारा रोकने पर भी उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर स्वजन ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई।

    कुछ देर बाद उसके स्वजन भी थाने पहुंचे और पुलिस से युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजने की मांग करने लगे। पुलिस आवेदन लेने और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी थी। इसी दौरान प्रेम राम को चौकीदार की निगरानी में सिरिस्ता में बैठाकर रखा गया था।

    इसी बीच युवक ने अचानक वहां रखे डीजल मापने वाले धातु के बर्तन को उठाया और उससे अपनी गर्दन पर वार कर लिया। घटना इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और स्वजन को संभलने का मौका नहीं मिला। युवक के गर्दन से खून बहने लगा, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।

    खबरें और भी

    सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि युवक की गर्दन पर गहरा जख्म है। बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उसे तत्काल जीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

    प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक को नशे की हालत में घर में हंगामा और पत्नी के साथ मारपीट करने की सूचना पर 112 पुलिस द्वारा थाने लाया गया था।

    आवेदन लेने की प्रक्रिया के दौरान उसने अचानक खुद को घायल कर लिया। उन्होंने बताया कि घायल युवक का इलाज पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।