BSEB Bihar board 10th result 2026 : पिता की मौत के बाद मां बनीं आशा, टापर बन बेटी ने खत्म की निराशा
BSEB matric Result 2026 : बेतिया की सुनीता कुमारी ने मैट्रिक परीक्षा में 484 अंक (96.8%) प्राप्त कर बिहार में सातवां स्थान हासिल किया है। पिता के निधन ...और पढ़ें

मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाली सुनीता कुमारी। जागरण
HighLights
सुनीता कुमारी ने बिहार मैट्रिक में सातवां स्थान प्राप्त किया।
पिता के निधन के बाद आशा कार्यकर्ता मां ने पाला।
484 अंक (96.8%) हासिल कर यूपीएससी का सपना।
जागरण संवाददाता, बेतिया। Bihar Board Matric Result 2026 : बैरिया प्रखंड के बगही बघम्बरपुर निवासी सरल प्रसाद की पुत्री सुनीता कुमारी ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार के स्टेट टॉपर्स में सातवां स्थान हासिल किया है।
उन्होंने 484 अंक (96.8 प्रतिशत) प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के आगे कठिन परिस्थितियां भी हार मान लेती हैं।
पिता की मौत के बाद टूटा था परिवार
सुनीता के जीवन में वर्ष 2019 एक बड़ा झटका लेकर आया, जब गंभीर बीमारी के कारण उनके पिता का निधन हो गया। उस समय तीन छोटे बच्चों की जिम्मेदारी मां बिंदू देवी के कंधों पर आ गई। यह समय परिवार के लिए बेहद कठिन था।
मां की मेहनत बनी सहारा
सुनीता की मां बिंदू देवी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं। सीमित आय के बावजूद उन्होंने मेहनत-मजदूरी कर न सिर्फ परिवार का भरण-पोषण किया, बल्कि अपने बच्चों की शिक्षा में भी कोई कमी नहीं आने दी। उनके संघर्ष और त्याग ने ही बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
पढ़ाई में निरंतरता और मेहनत
सुनीता केदार पांडेय प्रोजेक्ट गर्ल उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुजहा पटजिरवा की छात्रा हैं। उन्होंने स्कूल के साथ-साथ गांव के ब्रिलिएंट कोचिंग सेंटर में भी पढ़ाई की, जिससे उनकी तैयारी और मजबूत हुई।
भाई-बहनों का भी शिक्षा में योगदान
सुनीता के बड़े भाई विवेक कुमार ईश्वर शांति डिग्री कॉलेज, झाखरा में पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि उनकी बड़ी बहन वंदना कुमारी इंटर की छात्रा हैं। पूरे परिवार में शिक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल है।
मां की आंखों में खुशी के आंसू
बेटी की सफलता पर भावुक मां बिंदू देवी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब वह पूरी तरह निराश हो गई थीं, लेकिन बच्चों की मेहनत ने उन्हें गर्व महसूस कराया। उनकी आंखों में खुशी के आंसू साफ झलक रहे थे।
खबरें और भी
यूपीएससी का है सपना
सुनीता आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर यूपीएससी की तैयारी करना चाहती हैं। उनका सपना है कि वह अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करें।
यह भी पढ़ें- BSEB Bihar board 10th result 2026 : शमशीर अख्तर ने बिहार बोर्ड मैट्रिक में पाया छठा स्थान, मां के त्याग की जीत