Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गए थे शव दफनाने और अब जिंदगी-मौत से जूझ रहे, पश्चिम चंपारण में कब्रिस्तान गए पांच करंट से झुलसे

    By Shesh Nath Tiwari Edited By: Ajit kumar
    Updated: Sun, 17 May 2026 03:36 PM (IST)

    Bettiah Electricity Accident:पश्चिम चंपारण के बलथर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गौरीपुर कब्रिस्तान में शव दफनाने के दौरान जनाजे ...और पढ़ें

    घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फोटो- जागरण

    घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फोटो- जागरण

    HighLights

    1. कब्रिस्तान में शव दफनाने के दौरान हादसा

    2. जनाजे का खटोला हाईटेंशन तार से टकराया

    3. पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए

    जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Accident: पश्चिम चंपारण जिले के बलथर थाना क्षेत्र स्थित गौरीपुर कब्रिस्तान में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया।

    शव दफनाने के दौरान जनाजे का खटोला हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया, जिससे पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद कब्रिस्तान में अफरातफरी मच गई और दफनाने का कार्य छोड़ लोग घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गए।

    जनाजे में शामिल थे सभी घायल

    घटना रविवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। झुलसे लोगों में पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के सगरौवा निवासी शेख साजिद उर्फ साहेब (35), गोपालपुर थाना क्षेत्र के महमदवा निवासी शेख हसमुद्दीन, बलथर थाना क्षेत्र के शेखटोला निवासी गुलरेज आलम (23) और सज्जाद आलम (20) शामिल हैं। इसके अलावा रामनगर थाना क्षेत्र के मुरली गांव निवासी पांच वर्षीय सरताज आलम भी करंट की चपेट में आ गया।

    सभी लोग शेखटोला निवासी बहरूल आलम की पत्नी अफसाना खातून के जनाजे में शामिल होने पहुंचे थे। अफसाना खातून की मौत शनिवार शाम हुई थी।

    खटोला सीधा करते ही हुआ हादसा

    ग्रामीणों के अनुसार, कब्रिस्तान में जनाजे की नमाज अदा की जा चुकी थी। तेज धूप के कारण कुछ लोग पास की बांसवारी के नीचे खड़े थे। इसी दौरान शव को कब्र में उतारने के बाद कुछ लोगों ने जनाजे के खटोले को सीधा खड़ा किया। तभी खटोला ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से सट गया।

    करंट लगते ही वहां अफरातफरी मच गई। करीब एक दर्जन लोगों को करंट का झटका लगा, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना में बांस भी जल गया।

    नीचे लटक रहे तार

    ग्रामीणों का कहना है कि कब्रिस्तान के पास हाईटेंशन तार जमीन से महज 12 से 13 फीट की ऊंचाई पर लटका हुआ है। तार को ऊंचा करने के लिए कई बार बिजली विभाग से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

    खबरें और भी

    पोल गाड़ने का विरोध

    मामले में बिजली विभाग के सहायक अभियंता पूर्णेंदु कुमार सिंह ने बताया कि सितंबर 2025 में वहां नया पोल लगाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि ग्रामीणों ने कब्रिस्तान के बीच में पोल गाड़ने का विरोध किया था। इसके बाद विभाग ने बगल से तार ले जाने के लिए उपभोक्ताओं से आवेदन मांगा था, लेकिन अब तक आवेदन नहीं मिला है।