Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नेपाल में बारिश से गंडक बराज उफान पर, तटवर्ती गांवों और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व पर मंडराया बाढ़ का खतरा

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 08:45 AM (GMT+05:30)

    नेपाल में लगातार बारिश से गंडक बराज उफान पर है, जिससे 1.36 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया और जलस्तर बढ़ने की आशंका है। ...और पढ़ें

    गंडक बराज उफान पर

    गंडक बराज उफान पर

    HighLights

    1. गंडक बराज से 1.36 लाख क्यूसेक पानी का भारी डिस्चार्ज।

    2. नेपाल में लगातार बारिश से गंडक बराज का जलस्तर बढ़ा।

    3. तटवर्ती गांवों और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व पर बाढ़ का खतरा।

    संवाद सूत्र, वाल्मीकिनगर। इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित ऐतिहासिक गंडक बराज से सोमवार दो बजे तक एक लाख 36 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया। जिससे तटवर्ती वन क्षेत्र समेत पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के समीपवर्ती क्षेत्रों में पानी का जमाव होने की आशंका प्रबल हो गयी है।

    गंडक बराज के अधिकारियों की मानें तो नेपाल में हो रही लगातार पानी की वजह से गंडक बराज के जलस्तर में उतार चढ़ाव हो रहा है। जलस्तर में हो रहे उतार चढ़ाव की वजह से सीमावर्ती जिला के तराई और पहाड़ी क्षेत्रों में भी जनजीवन अस्त व्यस्त होने की संभावना बढ़ गई है। 

    सोमवार से लगातार बढ़ रहा जलस्तर

    नेपाल से छूटे पानी के कारण गंडक बराज का जलस्तर सोमवार की सुबह से लगातार बढ़ने के क्रम में है। उम्मीद जताई जा रही है कि देर शाम तक गंडक बराज का जल स्तर एक लाख 50 हजार क्यूसेक के पार भी जा सकता है। जिसके कारण पानी के डिस्चार्ज में और भी बढ़ोतरी हो सकती है। 

    बीते तीन दिनों से लगातार गंडक बराज के जलस्तर में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अब भी नेपाल के तराई और पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही है। जिसके कारण गंडक बराज के जलस्तर के बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस बिंदु को ध्यान में रखते हुए गंडक बराज के सभी कर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है। 

    खबरें और भी

    गांव में पानी घुसने बाढ़ की आशंका 

    गंडक बराज का जलस्तर बढ़ने से थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर रामपुरवा पंचायत अंतर्गत गंडक नदी के तटवर्ती गांव चकदहवा, कानही टोला और बीन टोली गांव सहित ठाडी गांव में पानी घुसने की आशंका बढ़ गई है। 

    साथ ही अगर गंडक नदी के जलस्तर में अगर और वृद्धि होती है तो, नदी का पानी टाइगर रिजर्व के चुलभठा जंगल में प्रवेश कर जाएगा। जिससे वन्य जीवों पर भी आफत की तलवार लटक सकती है। इस बाबत सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता मोहम्मद इकबाल अनवर ने बताया कि गंडक बराज के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की जा रही है। कर्मियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है तथा कुछ फाटकों को भी आंशिक रूप से खोल दिया गया है।