Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar News : ब्राजील मॉडल अपनाएं, गन्ने से पांच बार कमाएं, किसानों को मिला कम लागत में ज्यादा मुनाफे का मंत्र

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 06:50 PM (IST)

    नरकटियागंज चीनी मिल में आयोजित कृषक कैंप में किसानों को गन्ने की अधिक पैदावार और कम लागत वाली खेती के गुर सिखाए गए। अधिकारियों ने ब्राजील मॉडल और आधुन ...और पढ़ें

    किसानों को संबोधित करते कार्यपालक अध्यक्ष रविंद्र कुमार तिवारी। जागरण

    किसानों को संबोधित करते कार्यपालक अध्यक्ष रविंद्र कुमार तिवारी। जागरण 

    HighLights

    1. कृषक कैंप में गन्ने की अधिक पैदावार, कम लागत के गुर

    2. ब्राजील मॉडल से खुंटी गन्ने की खेती, कई बार कटाई

    3. आधुनिक कृषि यंत्रों से किसानों की आय में वृद्धि

    जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण) । नरकटियागंज चीनी मिल परिसर में आयोजित कृषक समस्या समाधान कैंप में किसानों को गन्ने की अधिक पैदावार और कम लागत वाली खेती के गुर बताए गए।

    अधिकारियों ने कहा कि बेहतर तकनीक, आधुनिक कृषि यंत्रों और खुंटी गन्ने की वैज्ञानिक खेती अपनाकर किसान उत्पादन और आमदनी दोनों बढ़ा सकते हैं। साथ ही किसानों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का भरोसा भी दिलाया गया।

    किसानों की समस्याएं सुनी गईं

    गन्ना उद्योग विभाग की ओर से शुक्रवार को चीनी मिल परिसर में कृषक समस्या समाधान कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने गन्ना खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभागीय अधिकारियों ने समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी और सुझाव दिए।

    बेहतर मिट्टी के बावजूद उत्पादन कम

    चीनी मिल के कार्यपालक अध्यक्ष रविंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि भारत में ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका की तुलना में अधिक उपजाऊ मिट्टी उपलब्ध है। इसके बावजूद गन्ने का उत्पादन अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर इस स्थिति में सुधार किया जा सकता है।

    खुंटी गन्ने से बढ़ेगी किसानों की आय

    उन्होंने बताया कि ब्राजील में किसान एक बार गन्ने की फसल लगाने के बाद कम से कम पांच बार खुंटी गन्ने से आमदनी प्राप्त करते हैं। दक्षिण अफ्रीका में भी इसी पद्धति से बेहतर उत्पादन लिया जा रहा है। नरकटियागंज क्षेत्र में भी इस व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए मिल प्रबंधन लगातार प्रयास कर रहा है। किसानों से प्रति एकड़ 400 क्विंटल गन्ना उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया गया।

    आधुनिक कृषि यंत्रों पर दिया जोर

    उप कार्यपालक अध्यक्ष राजीव कुमार त्यागी ने मुख्यमंत्री गन्ना यंत्रीकरण योजना की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से खेती की लागत घटेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से योजना का लाभ लेने की अपील की।

    खबरें और भी

    85 किसानों ने किया ऑनलाइन आवेदन

    गन्ना प्रसार अधिकारी शाहनवाज ने बताया कि मुख्यमंत्री गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत अब तक 85 किसानों ने कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। उन्होंने पात्र किसानों से समय पर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया।

    अधिकारी और किसान रहे मौजूद

    कैंप में चीनी मिल के उप कार्यपालक अध्यक्ष राजीव कुमार त्यागी, गन्ना प्रसार अधिकारी आजाद अहमद, शाहनवाज, गन्ना महाप्रबंधक के.एस. ढाका, गन्ना उप प्रबंधक प्रेम सिंह सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।