Bihar News : बंदर-भालू से फसल बचाने का नया फॉर्मूला, चीनी मिल ने किसानों को दिया नीम शेक
नरकटियागंज चीनी मिल ने गन्ना किसानों को जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए 'एकसूत्र बायो इनसेक्टिसाइड' (नीम शेक) देना शुरू किया है। यह पर्यावरण-अनुकूल ...और पढ़ें

प्रशिक्षण शिविर में किसानों को जानकारी देते चीनी मिल के कार्यपालक अध्यक्ष आरके तिवारी। सौ. प्रबंधन
HighLights
चीनी मिल ने किसानों को नीम शेक उपलब्ध कराना शुरू किया।
यह बायो इनसेक्टिसाइड जंगली जानवरों से फसल बचाएगा, पर्यावरण सुरक्षित।
गन्ने की बंधाई से उपज की क्षति 20% तक कम होगी।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। जंगल से सटे गांवों के गन्ना किसानों को जंगली जानवरों से फसल का बचाव करने के लिए नरकटियागंज चीनी मिल ने नई पहल शुरू की है।
मिल प्रबंधन ने किसानों को पर्यावरण के अनुकूल एकसूत्र बायो इनसेक्टिसाइड (नीम शेक) उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है। इस जैव उत्पाद के छिड़काव से बंदर, भालू समेत अन्य जंगली जानवर गन्ने की फसल से दूर रहेंगे, जबकि वन्यजीवों और पर्यावरण पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
यह जानकारी चीनी मिल के कार्यपालक अध्यक्ष रविन्द्र कुमार तिवारी ने गौनाहा के टहकौल गांव में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में दी। उन्होंने बताया कि किसानों से मिल रही शिकायतों के बाद मिल प्रबंधन ने इस इको-फ्रेंडली बायो इनसेक्टिसाइड की उपलब्धता सुनिश्चित की है।
अब जंगली जानवरों से गन्ने को नुकसान नहीं होगा। इसका असर लगभग 60 दिनों तक रहता है। किसानों में इसका वितरण भी शुरू कर दिया गया है।
कार्यपालक अध्यक्ष ने किसानों को यह भी सुझाव दिया कि गन्ने की फसल की कम से कम दो बार बंधाई करें। इससे गन्ना जमीन पर नहीं गिरेगा और उपज की क्षति से लगभग 20 प्रतिशत तक बचाव होगा।
बंधाई के बाद दो कतारों के बीच पर्याप्त जगह बनने से लत्ती का फैलाव भी कम होता है और जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा भी बेहतर होती है। उन्होंने किसानों से शीघ्र गन्ना आइडी बनवाने की अपील की।
कहा कि इससे गन्ना उद्योग विभाग की कृषि यंत्रीकरण, गन्ना क्षेत्र विस्तार सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। शिविर में गन्ना उप प्रबंधक प्रेम सिंह, एससीएम सत्येन्द्र राय, किसान हरिशंकर महतो, मुकेश राय, गोपाल काजी, श्यामनारायण महतो, पुष्पा देवी, देवनाथी देवी, मीतु देवी और वासुदेव पटवारी समेत कई लोग उपस्थित हुए।
- नीम शेक बनेगा गन्ने का सुरक्षा कवच, बंदर-भालू से बचेगी फसल
- नरकटियागंज चीनी मिल ने जंगल किनारे रहने वाले गन्ना किसानों को फसल सुरक्षा की दी बड़ी राहत
- टहकौल में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में गन्ना बंधाई व लत्ती उन्मूलन पर दिया गया बल