नरकटियागंज में जमीन विवाद को लेकर हथियार जुटा रहे चार गिरफ्तार, दो पिस्टल व छह कारतूस बरामद
नरकटियागंज में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दो लोडेड पिस्टल और छह कारतूस के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी जमीन विवाद में हथियारों का इस्तेम ...और पढ़ें

जमीन से जुड़े बड़े विवाद में हथियारों का इस्तेमाल करने की योजना थी। प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Narkatiaganj Arms Recovery: जिले के नरकटियागंज में वाहन जांच के दौरान शिकारपुर थाना पुलिस ने दो लोडेड पिस्टल और छह कारतूस के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित जमीन से जुड़े विवाद में हथियारों का इस्तेमाल करने की तैयारी में थे।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 29 जुलाई की रात करीब 8:15 बजे नरकटियागंज-बलथर रोड पर भसुरारी से करीब एक किलोमीटर आगे घाघ पुल के समीप वाहन जांच शुरू की थी। इसी दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक लोडेड पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के सिसई निवासी इरफान अंसारी और जफीर आलम के रूप में बताई।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि हथियार उन्हें मेहदी हसन और अल्ताफ आलम ने उपलब्ध कराए थे। दोनों को ये हथियार तरहरवा निवासी आकाश चौधरी तक पहुंचाने थे।
आरोपितों के अनुसार, सभी लोग तरहरवा में एकत्र होने वाले थे। वहां जमीन से जुड़े बड़े विवाद में हथियारों का इस्तेमाल करने की योजना थी।
दोनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तरहरवा निवासी आकाश चौधरी और साठी थाना क्षेत्र के नूनी पाकड़ निवासी अल्ताफ आलम उर्फ अल्ताफ मियां को भी गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मेहदी हसन अभी फरार है।
उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी कुमार गौतम ने बताया कि शिकारपुर थाना में आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।