विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'7वां वेतनमान नहीं दिलाया, तो वोट मांगने नहीं आऊंगा'; प्रशांत किशोर का शिक्षकों से वादा, MP जायसवाल पर कसा तंज

Published: Tue, 13 Oct 2026 11:06 AM (IST)

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पश्चिम चंपारण में शिक्षकों से संवाद करते हुए सातवें वेतनमान का वादा किया।

प्रशांत किशोर। फाइल फोटो

प्रशांत किशोर। फाइल फोटो

HighLights

  1. प्रशांत किशोर ने शिक्षकों को सातवें वेतनमान का वादा किया।

  2. वादा पूरा न होने पर वोट न मांगने की बात कही।

  3. बिहार के शिक्षकों से शिक्षा सुधार हेतु एकजुट होने की अपील।

जागरण संवाददाता, पश्चिम चंपारण। जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षकों को सातवें वेतनमान और वित्तरहित शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

जब तक शिक्षक जाति और राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर अपने अधिकारों के लिए एक मंच पर नहीं आएंगे, तब तक उनकी मांगों को पूरा कराना मुश्किल होगा।

यदि शिक्षकों को सातवां वेतनमान नहीं दिला पाया तो उनसे वोट मांगने नहीं आऊंगा। वे सोमवार की संध्या एक निजी होटल में शिक्षक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव के समय शिक्षक जाति और पार्टी के आधार पर बंट जाते हैं। अगर बिहार के छह लाख शिक्षक एकजुट हो जाएं तो सभी राजनीतिक दलों को सातवें वेतनमान पर समाधान निकालना होगा।

दस हजार करोड़ रुपये की जरूरत

प्रशांत किशोर ने कहा कि सातवें वेतनमान और वित्तरहित शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए करीब दस हजार करोड़ रुपये की जरूरत होगी। एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि करीब दो दशक तक सत्ता में रहने के बावजूद शिक्षकों को सातवां वेतनमान नहीं मिला।

उन्होंने राजद पर भी आरोप लगाया कि वर्ष 2020 में समान काम-समान वेतन के मुद्दे पर समर्थन मांगा गया, लेकिन तेजस्वी यादव और चंद्रशेखर यादव के शिक्षा मंत्री रहने के दौरान शिक्षकों के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए।

वित्तरहित शिक्षकों की समस्या के समाधान का दिया भरोसा

प्रशांत किशोर ने दशकों से लंबित वित्तरहित शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मांग किसी एक दल या नेता का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे शिक्षक समुदाय से जुड़ा विषय है।

शिक्षक आंदोलन के मुद्दे पर उनकी ओर से हेल्पलाइन जारी किए जाने के बाद 18 हजार शिक्षकों ने मिस्ड कॉल के माध्यम से समर्थन जताया है।

उन्होंने दो लाख शिक्षकों से बिहार बदलाव अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में एमएलसी आफाक अहमद, बेतिया संगठन जिला अध्यक्ष कुंदन पांडेय, बगहा संगठन जिला अध्यक्ष काशी बैठा, पर्यवेक्षक कुमार सौरभ, अजय द्विवेदी और तथागत हर्षवर्धन, अनिल राव, अभिजय सिंह, धीरज तिवारी, सिकंदर चंद्रा सहित अन्य मौजूद रहे।

पेट्रोल चोर कहकर प्रशांत किशोर ने फिर सांसद पर साधा निशाना

प्रशांत किशोर ने ने बेतिया भाजपा सांसद संजय जायसवाल को लेकर फिर विवादित बयान दिया। बेतिया ओवरब्रिज पर जलजमाव को लेकर सांसद पर निशाना साधते हुए कहा, इसी ओवरब्रिज को लेकर पेट्रोल चोर संजय जायसवाल दावा ठोक रहे थे, अब पानी लग रहा है तो मजा मारिए।

सांसद पर पत्थर-गोबर फेंकने पर कसा तंज

प्रशांत किशोर ने कहा कि जनता अगर इन्हें मारने लगे तो ठीक ही हो जाएंगे। लेकिन लाठी-डंडे से मारने से नेता नहीं डरते। उन्हें वोट की चोट लगनी चाहिए। जनता तय कर ले कि वोट नहीं देंगे, तो संजय जायसवाल हों या दूसरे नेता, सब ज्यादा डरेंगे और काम करेंगे।

गोबर, मिट्टी, डंडे और ईंट से नेता नहीं डरते, क्योंकि जनता के ही टैक्स के पैसे से वे सुरक्षा लेकर घूमते हैं, इसलिए वोट की ताकत से हराइए।

शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और बेरोजगारी से जनता परेशान

प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था, कोचिंग के व्यवसायीकरण, पेपर लीक, बेरोजगारी और वोट चोरी जैसे मुद्दों से लोग परेशान हैं। जब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक समाज में असंतोष बना रहेगा और आंदोलन जारी रह सकता है। पिछले दो-तीन महीनों से समाज के अलग-अलग वर्ग, विशेषकर युवा, विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- मोतिहारी में भू-माफिया के घर पुलिस का छापा, भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद; ₹15 करोड़ से अधिक की संपत्ति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।