सप्तक्रांति एक्सप्रेस में विदेशी शराब तस्करी का पर्दाफाश, पश्चिम चंपारण से पेंट्रीकार मैनेजर समेत चार गिरफ्तार
आनंद विहार-मुजफ्फरपुर सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के पेंट्रीकार से 42 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की गई है। इस मामले में पेंट्रीकार मैनेजर समेत ...और पढ़ें

सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस से जब्त शराब व पुलिस गिरफ्त में तस्करी के आरोपित।
HighLights
सप्तक्रांति एक्सप्रेस के पेंट्रीकार से 42 लीटर शराब बरामद।
पेंट्रीकार मैनेजर समेत चार लोग गिरफ्तार, जेल भेजे गए।
मैनेजर पर पहले से छेड़खानी, मारपीट के मामले दर्ज।
संवाद सहयोगी, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। यात्रियों को भोजन परोसने वाले पेंट्रीकार में शराब तस्करी का खेल चल रहा था। आनंद विहार-मुजफ्फरपुर सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस में जांच के दौरान इसका पर्दाफाश हुआ।
पेंट्रीकार मैनेजर के केबिन से विभिन्न ब्रांड की 42 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में पेंट्रीकार मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि ट्रेन के जरिए शराब की खेप बिहार में खपाने की तैयारी थी।
विशेष चेकिंग में मिली 60 बोतल शराब
रेल पुलिस की विशेष चेकिंग के दौरान सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12558) के पेंट्रीकार मैनेजर के केबिन की तलाशी ली गई। जांच में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 60 बोतलें बरामद हुईं। जब्त शराब की कुल मात्रा 42.165 लीटर बताई गई है।
चार लोगों को किया गया गिरफ्तार
मामले में नरकटियागंज के शिवगंज वार्ड आठ निवासी पेंट्रीकार मैनेजर संतोष कुमार साह, पूर्वी चंपारण के सरैया गोपाल निवासी पैंट्रीमैन राजकुमार, मुजफ्फरपुर के चकरावे मनियारी निवासी सफाई कर्मी गोविंद कुमार तथा रसूलपुर मनियारी निवासी सफाई कर्मी रिंकी कुमार को गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि विशेष जांच अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। चारों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
खबरें और भी
मैनेजर पर पहले से दर्ज हैं दो मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार पेंट्रीकार मैनेजर संतोष कुमार साह के खिलाफ रेल थाना नरकटियागंज में पहले से दो मामले दर्ज हैं। इनमें छेड़खानी और यात्रियों के साथ मारपीट का मामला शामिल है।
सीमा पर वाहन जांच में 745 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
गौनाहा । भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मटियरिया पुलिस और एसएसबी को बड़ी सफलता मिली है।
संयुक्त वाहन जांच अभियान के दौरान 745 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब दो बजे मटियरिया एवं गोबर्द्ध्ना थाना क्षेत्र की सीमा पर एसएसबी और मटियरिया पुलिस की संयुक्त टीम वाहन जांच कर रही थी।
इसी दौरान एक बाइक सवार को संदेह के आधार पर रोक कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 745 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया तथा बाइक को जब्त कर थाना ले आई।
गिरफ्तार तस्कर रामनगर थाना क्षेत्र के बेलासपुर गांव निवासी संतोष दास है। पूछताछ के दौरान पुलिस तस्करी के नेटवर्क और गांजा की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।