Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बगहा कोर्ट परिसर से बाइक चोरी कर भाग रहा था चोर, हाईवे कैमरे ने काट दिया तीन हजार का ई-चालान

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 04:38 PM (IST)

    बगहा व्यवहार न्यायालय परिसर से वार्ड पार्षद की अपाची बाइक चोरी हो गई, जिसके कुछ देर बाद ही चोरी हुई बाइक का ओवरस्पीडिंग के कारण 3000 रुपये का ऑनलाइन ई ...और पढ़ें

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI)

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI)

    जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। व्यवहार न्यायालय परिसर से नगर परिषद के वार्ड संख्या 30 के वार्ड पार्षद संजय कुमार की अपाची बाइक चोरी होने का मामला उस समय और भी चौंकाने वाला बन गया, जब चोरी के कुछ देर बाद ही उसी बाइक का ओवर स्पीड में चलने के कारण तीन हजार रुपये का ऑनलाइन ई-चालान कट गया।

    पीड़ित की शिकायत पर पठखौली थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वार्ड पार्षद बुधवार को न्यायालय संबंधी कार्य से अपनी अपाची बाइक (पंजीयन संख्या बीआर 22 एयू 5276) से व्यवहार न्यायालय पहुंचे थे।

    उन्होंने कोर्ट परिसर से सटे जेल रोड स्थित सर्विस रोड पर बाइक लॉक कर खड़ी की और न्यायालय के अंदर चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर निर्धारित स्थान से बाइक गायब मिली।

    बाइक नहीं मिलने पर उन्होंने आसपास काफी देर तक तलाश की और लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पठखौली थाना पहुंचकर बाइक चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

    घटना में उस समय नया मोड़ आया, जब चोरी के बाद उनके मोबाइल पर वाहन का तीन हजार रुपये का ऑनलाइन ई-चालान कटने का संदेश प्राप्त हुआ। जानकारी करने पर पता चला कि बाइक चोरी के बाद एनएच-727 से होकर गुजर रही थी। इसी दौरान हाईवे स्पीड ट्रैफिक पुलिस के कैमरे में वाहन कैद हो गया और निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार होने के कारण वाहन का ई-चालान जारी कर दिया गया।

    पीड़ित ने बताया कि बाइक चोरी होने के बाद चालान का संदेश मिलना उनके लिए पूरी तरह अप्रत्याशित था। हालांकि अब यही ई-चालान पुलिस के लिए जांच का एक महत्वपूर्ण सुराग बन गया है।

    पठखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही ऑनलाइन ई-चालान से प्राप्त लोकेशन, समय और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी मामले की गहन जांच की जा रही है।

    खबरें और भी