VTR से सड़क पर निकले भालू, सड़क पर दिखा रोमांचक नजारा, मोबाइल में कैद करते रहे लोग
वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व से सटे जटाशंकर चेक पोस्ट के पास दो भालू सड़क पर घूमते दिखे, जिसे राहगीरों ने मोबाइल में कैद किया। वन विभाग ने लोगों से सतर्क ...और पढ़ें

सड़क पर विचरण करते भालू।
HighLights
वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व के पास सड़क पर दिखे दो भालू।
राहगीरों और श्रद्धालुओं ने मोबाइल में कैद किया दुर्लभ दृश्य।
वन विभाग ने लोगों को वन्यजीवों से सतर्क रहने की सलाह दी।
संवाद सूत्र, वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण)। वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (वीटीआर) से सटे इलाके में सोमवार को ऐसा नजारा दिखा, जिसने राहगीरों और श्रद्धालुओं को कुछ देर के लिए ठिठकने पर मजबूर कर दिया।
जटाशंकर चेक पोस्ट के पास जंगल से निकलकर दो भालू सड़क पर आराम से घूमते नजर आए। एक ओर लोगों ने इस दुर्लभ दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, तो दूसरी ओर जंगली जानवरों की मौजूदगी ने सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ा दी। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और वन्य जीवों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
जंगल से सड़क पर पहुंचे दो भालू
वाल्मीकिनगर के गोल चौक से तीन नंबर पहाड़ जाने वाले मार्ग पर जटाशंकर चेक पोस्ट के समीप सोमवार को दो भालू जंगल से निकलकर सड़क पर विचरण करते दिखाई दिए। यह दृश्य देखते ही वहां से गुजर रहे राहगीर रुक गए। जटाशंकर मंदिर और कालेश्वर मंदिर जा रहे श्रद्धालु भी कुछ देर तक भालुओं को निहारते रहे।
मोबाइल कैमरों में कैद किया दुर्लभ नजारा
भालुओं को सामने देखकर लोगों में उत्सुकता बढ़ गई। कई लोगों ने सुरक्षित दूरी से उनके फोटो और वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में कैद किए। सड़क पर कुछ देर तक लोगों की आवाजाही भी धीमी हो गई। वन्य जीवों को इतने करीब से देखने का अनुभव लोगों के लिए रोमांचक रहा।
कई दिनों से दिख रहे हैं भालू
ई-टाइप कॉलोनी निवासी मो. नसीम खान ने बताया कि पिछले कई दिनों से भालू कभी ई-टाइप कॉलोनी, कभी जटाशंकर चेक पोस्ट तो कभी नरदेवी मंदिर जाने वाले रास्ते के आसपास दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भालुओं को देखकर रोमांच तो होता है, लेकिन उनके अचानक सामने आ जाने से डर भी बना रहता है।
खबरें और भी
वन विभाग ने जारी की सलाह
वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र पदाधिकारी सत्यम कुमार ने बताया कि इको पार्क, ई-टाइप कॉलोनी, जटाशंकर चेक पोस्ट और नरदेवी मंदिर का इलाका जंगल से सटा हुआ है। ऐसे में कभी-कभी वन्य जीव भोजन या अन्य कारणों से रिहायशी क्षेत्र की ओर निकल आते हैं।
वन्य जीव दिखे तो रखें सावधानी
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भालू या अन्य वन्य जीव दिखाई दें तो उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उन्हें उकसाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।