पश्चिम चंपारण में दो बच्चों की मां की गला दबाकर हत्या, मायके पक्ष ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप
पश्चिम चंपारण के सिकटा में दहेज के लिए एक विवाहिता रूपा कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद पति रंजीत कुमार को हिरासत में लिया गया है। मृतका ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकातमक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
दहेज के लिए विवाहिता रूपा कुमारी की गला दबाकर हत्या।
पुलिस ने पति रंजीत कुमार को हिरासत में लिया।
ससुराल पक्ष पर पांच लाख दहेज मांगने का आरोप।
संवाद सूत्र, सिकटा (पश्चिम चंपारण)। बलथर थाना क्षेत्र के परसौनी घोघा गांव में रविवार की देर शाम में दहेज के लिए एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या ससुरालवालों ने कर दी।
मृतका की पहचान परसौनी घोघा निवासी रंजीत कुमार की पत्नी रूपा कुमारी (24 वर्ष)के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल, बेतिया भेज दिया है।
पांच लाख रुपये के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के भाई अखिलेश कुमार ने पुलिस काे बताया है कि उनकी बहन रूपा कुमारी को ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये के लिए लगातार प्रताड़ित करते थे।
उन्होंने बताया कि मांग पूरी नहीं होने पर पति रंजीत कुमार, भसुर रंजन कुमार, उनकी पत्नी, चाचा अनिल कुमार वर्णवाल , पूर्वी चंपारण के पलवना थाने के पखनहिया गांव निवासी बहन ममता देवी व उनके पति धीरज कुमार वर्णवाल तथा बेतिया हरिवाटिका निवासी बहन रिंकी देवी व उनके पति दिलीप कुमार वर्णवाल ने मिलकर साजिश के तहत गला दबाकर हत्या कर दी।
रूपा कुमारी की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उसके एक पुत्र शिवम कुमार (2वर्ष) और एक पुत्री मीठी (एक वर्ष) हैं। मृतका का पति बैशखवा बाजार में मोबाइल दुकान में काम करता था।
घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर मृतका के भाई को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने पति रंजीत कुमार को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का पता चलेगा। मृतका के भाई ने अभी लिखित आवेदन नहीं दिया है। आवेदन के आलोक में कांड दर्ज कर कार्रवाई होगी।
- बलथर थाने के परसौनी घोघा गांव की घटना
- दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे ससुरालवाले
- शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने मृतका के भाई को सौंपा
यह भी पढ़ें- पूर्वी चंपारण में खूंटा गाड़ने के विवाद में हुई हत्या, पिता-पुत्र सहित छह को आजीवन कारावास