पश्चिम चंपारण में पहली सोमवारी पर शिवभक्ति का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय
West Champaran Sawan Somwari: पश्चिम चंपारण में सावन की पहली सोमवारी पर शिवभक्ति का अद्भुत नजारा दिखा, जहाँ बेतिया से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक शिवालय ...और पढ़ें

मनोकामना महादेव मंदिर में मौजूद श्रद्धालु। जागरण
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Sawan Somwari: सावन की पहली सोमवारी पर पश्चिम चंपारण जिले में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
बेतिया शहर से लेकर नरकटियागंज, योगापट्टी, गौनाहा, मनुआपुल और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख शिवालयों में सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। 'हर-हर महादेव' और 'ॐ नमः शिवाय' के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा, आक और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि तथा विश्व कल्याण की कामना की।
बेतिया शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। मंदिर प्रबंधन समितियों और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे समय व्यवस्थाएं संभालीं।
योगापट्टी प्रखंड के प्रसिद्ध हथिया शिव मंदिर, फतेहपुर, दोनवार, नवलपुर, चमैनिया समेत आधा दर्जन से अधिक शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। मंदिर परिसरों में लगे मेलों में पूजा सामग्री, प्रसाद और श्रृंगार की दुकानों पर भी अच्छी चहल-पहल देखने को मिली।
नरकटियागंज के प्रसिद्ध बनवरिया शिवालय में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लगी रही। स्थानीय विधायक ने भी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, कतार व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और धार्मिक वातावरण बना रहा।
मनुआपुल थाना क्षेत्र के गुरवलिया शिव मंदिर से पहली सोमवारी के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सैकड़ों महिला और पुरुष श्रद्धालु इसमें शामिल हुए।
पूरे मार्ग में 'हर-हर महादेव' के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा। कलश यात्रा के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
गौनाहा प्रखंड के सोफा, गौनाहा, मंझरिया सहित विभिन्न शिवालयों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने कतारबद्ध होकर पूजा-अर्चना की और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। जिले के अन्य प्रखंडों में भी विशेष पूजा, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
पहली सोमवारी के अवसर पर कई मंदिर परिसरों में मेले जैसा माहौल रहा। पूजा सामग्री, प्रसाद और खान-पान की दुकानों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन समितियां सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पूरे दिन सक्रिय रहीं।