Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पश्चिम चंपारण में लॉटरी माफिया पर बिहार पुलिस की बड़ी चोट, तीन दुकानों से टिकट बरामद

    Updated: Sun, 31 May 2026 05:47 PM (IST)

    पश्चिम चंपारण के रामगनर में पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी में भारी मात्रा में प्रतिबंधित लॉटरी टिकट बरामद हुए और तीन लो ...और पढ़ें

    पश्चिम चंपारण के रामनगर जांच पड़ताल में जुटी पुलिस। जागरण

    पश्चिम चंपारण के रामनगर जांच पड़ताल में जुटी पुलिस। जागरण

    संवाद सूत्र, रामनगर (पश्चिम चंपारण) । नगर में अवैध रूप से संचालित लॉटरी कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन दुकानों में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित लॉटरी टिकट बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह अभियान एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में चलाया गया।

    पुलिस को सूचना मिली थी कि नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध रूप से लॉटरी का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।

    इस दौरान हिंद सिनेमा चौक से नारायणापुर जाने वाली सड़क स्थित राहुल हार्डवेयर दुकान में छापेमारी की गई, जहां से बड़ी मात्रा में लॉटरी टिकट बरामद किया गया। मौके से नारायणापुर निवासी कृष्णा कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया।

    नई बाजार और दर्जी गली में भी हुई कार्रवाई

    छापेमारी अभियान के तहत नई बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पीछे दर्जी वाली गली में दो धागा दुकानों की भी तलाशी ली गई। यहां से भी प्रतिबंधित लॉटरी टिकट बरामद किया गया। पुलिस ने सबुनी चौक निवासी सुजीत कुमार जायसवाल तथा रेली बाजार निवासी प्रमोद कुमार सोनी को गिरफ्तार कर लिया।

    दर्जी गली की एक दुकान की तलाशी के दौरान पुलिस को गत्ते के डिब्बे में रखे लॉटरी टिकटों के बंडल मिले। इसी दुकान से अंग्रेजी शराब ब्लेंडर्स प्राइड की एक छोटी बोतल भी बरामद की गई। इसके अलावा पुलिस ने नगर के अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की, हालांकि वहां से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।

    खबरें और भी

    एसडीपीओ ने बताया कि अवैध लॉटरी कारोबार की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई है। तीन दुकानों से लॉटरी टिकट बरामद किए गए हैं तथा तीन लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। सभी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।

    उन्होंने कहा कि इस धंधे में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। छापेमारी दल में एसआइ ज्योति कुमारी, एएसआइ संजय भगत सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। कार्रवाई के बाद अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।